बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) 2026 के बीच बड़ा फैसला लेते हुए अपने स्टार तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान (Mustafizur Rahman) को टूर्नामेंट के बाकी मैचों के लिए रिलीज नहीं करने का ऐलान किया है. बोर्ड ने मेडिकल कारणों का हवाला देते हुए उनका नो-ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (NOC) तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया है .यह कुल मिलाकर पाकिस्तान सुपर लीग के लिए एक बड़ा झटका है.
दरअसल, क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक मुस्ताफिजुर को पहले 26 मार्च से 12 अप्रैल और फिर 24 अप्रैल से 3 मई तक PSL खेलने की अनुमति दी गई थी. इस दौरान उन्हें न्यूजीलैंड के खिलाफ सिर्फ वनडे सीरीज में खेलने की इजाजत थी, टी20 सीरीज में खेलने की मंजूरी नहीं थी.
यह भी पढ़ें: मुस्ताफिजुर रहमान की जगह KKR में 'छुपा रुस्तम' की एंट्री, कोच ने कहा- हमारा अनलकी होना ही बनेगा लकी
हालांकि, चोट के कारण शुरुआती दो वनडे मिस करने के बाद मुस्ताफिजुर ने तीसरे और निर्णायक मुकाबले में वापसी की और पांच विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया. लेकिन इसी मैच के बाद BCB की मेडिकल टीम ने उनका सिचुएशन का रिव्यू किया था.
BCB ने अपने आधिकारिक बयान में कहा है- तीसरे ODI के बाद टीम के मेडिकल स्टाफ ने मुस्ताफिजुर रहमान की स्थिति का आकलन किया है. आगे की जांच के लिए उनका तुरंत स्कैन कराया जाएगा, जिसके बाद वे BCB मेडिकल टीम की निगरानी में रिहैबिलिटेशन प्रोग्राम शुरू करेंगे.
बोर्ड ने आगे स्पष्ट किया कि इसी वजह से पहले जारी किया गया NOC वापस ले लिया गया है और अब वह PSL 2026 के शेष मुकाबलों में हिस्सा नहीं लेंगे. मुस्ताफिजुर PSL में लाहौर कलंदर्स टीम का हिस्सा थे, जिससे टीम को बड़ा झटका लगा है. वहीं BCB ने एक और अहम फैसला लेते हुए युवा तेज गेंदबाज नाहिद राणा को भी PSL के लिए रिलीज नहीं किया.
यह भी पढ़ें: IPL से निकाले जाने के बाद मुस्ताफिजुर रहमान को बांग्लादेश में भड़काया? KKR के लिए हुई 'फील्डिंग' सेट! फिर क्या हुआ...
बोर्ड का कहना है कि राणा को पाकिस्तान के खिलाफ अगले महीने होने वाली टेस्ट सीरीज की तैयारी के लिए पर्याप्त समय दिया जाना जरूरी है. इस फैसले से साफ है कि बांग्लादेश बोर्ड फिलहाल खिलाड़ियों की फिटनेस और इंटरनेशनल कमिटमेंट को प्राथमिकता दे रहा है, भले ही इसके लिए फ्रेंचाइजी क्रिकेट में समझौता करना पड़े.
आईपीएल से हटे थे मुस्ताफिजुर रहमान
मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स ने खरीदा था, लेकिन भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने उनको रिलीज करने का निर्देश दिया था. इसकी वजह बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं पर अत्याचार की खबरे थीं, इस पर भारत में मुस्ताफिजुर रहमान के खेलने को लेकर काफी विरोध और सार्वजनिक नाराजगी थी. 9.20 करोड़ रुपये में खरीदे जाने के बावजूद, KKR ने उन्हें स्क्वाड से रिलीज कर दिया था. इस घटना के बाद, बांग्लादेश ने इस फैसले पर कड़ा विरोध जताया और वहां आईपीएल के प्रसारण पर रोक लगा दी थी.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क