बांग्लादेश और वेस्टइंडीज के बीच ढाका में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच में दूसरे दिन मेजबान टीम की पारी 272 रन पर सिमट गई. एक समय बांग्लादेश की टीम मजबूत स्थिति में नजर आ रही थी, लेकिन वेस्टइंडीज के स्पिन गेंदबाज जोमेल वॉरिकन ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पूरी बाजी पलट दी. बांग्लादेश ने अपने आखिरी 7 विकेट महज 51 रन के अंदर गंवा दिए.
बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया. टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और तंजिद हसन तमीम 7 रन बनाकर आउट हो गए. इसके बाद मोमिनुल हक ने 28 रन और कप्तान नजमुल हुसैन शांतो ने 19 रन बनाए. हालांकि, शादमान इस्लाम ने एक छोर संभाले रखा और शानदार शतक जड़कर टीम को मजबूती दी.
यह भी पढ़ें: 28 की उम्र में इस क्रिकेटर ने लिया संन्यास, आयरलैंड के लिए खेले 3 टी20 वर्ल्ड कप
शादमान ने 234 गेंदों का सामना करते हुए 105 रन बनाए. वहीं, तौहीद हृदोय ने 42 और लिटन दास ने 34 रनों का योगदान दिया. इन पारियों की बदौलत बांग्लादेश का स्कोर एक समय 221 रन पर 3 विकेट था. ऐसा लग रहा था कि टीम बड़ा स्कोर खड़ा करेगी, लेकिन इसके बाद वेस्टइंडीज के गेंदबाजों ने जबरदस्त वापसी की.
जोमेल वॉरिकन ने मचाया तहलका
बांग्लादेश की पारी को समेटने में जोमेल वॉरिकन की अहम भूमिका रही. उन्होंने 23.4 ओवर में 53 रन देकर 5 विकेट हासिल किए. उनकी शानदार गेंदबाजी के सामने बांग्लादेश के बल्लेबाज टिक नहीं सके. शमार जोसेफ और जोशुआ बिशप ने भी 2-2 विकेट लेकर टीम की मुश्किलें बढ़ाईं.
यह भी पढ़ें: स्मृति मंधाना और हरमनप्रीत कौर के बीच सब ठीक नहीं? मैच के बाद हैंडशेक से दूरी, VIDEO
बांग्लादेश ने 221 रन पर तीसरा विकेट गंवाया था, लेकिन इसके बाद विकेटों की झड़ी लग गई. टीम ने 272 रन तक पहुंचते-पहुंचते अपने बाकी 7 विकेट भी गंवा दिए. इस तरह पूरी टीम 97.4 ओवर में 272 रन पर ऑलआउट हो गई.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क