भारतीय क्रिकेट में इन दिनों वैभव सूर्यवंशी का नाम लगातार चर्चा में है. महज 15 साल की उम्र में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से पहचान बना चुके वैभव अब आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर भारतीय टीम का हिस्सा बन चुके हैं.
उनका टीम इंडिया के लिए इंटरनेशनल डेब्यू तय है. इसी बीच सूर्यवंशी परिवार से एक और युवा बल्लेबाज ने सुर्खियां बटोर ली हैं.
वैभव सूर्यवंशी के छोटे भाई आशीर्वाद सूर्यवंशी ने समस्तीपुर में खेले गए एक स्थानीय प्रैक्टिस मैच में बल्ले से जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए 168 रन की तूफानी पारी खेली.
उनकी इस पारी की जानकारी बड़े भाई उज्ज्वल सूर्यवंशी ने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए साझा की.बाद में वैभव सूर्यवंशी ने भी वही स्टोरी शेयर कर छोटे भाई की उपलब्धि पर खुशी जताई.
सोशल मीडिया पर सामने आए स्कोरकार्ड के मुताबिक ऋषभ-11 और रौशन-11 के बीच खेले गए मुकाबले में ऋषभ-11 ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 40 ओवर में 7 विकेट पर 311 रन बनाए.टीम की ओर से आशीर्वाद सूर्यवंशी सबसे बड़े स्टार रहे.
यह भी पढ़ें: आशीर्वाद सूर्यवंशी ने जड़ा शतक, झूम उठे बड़े भाई वैभव, INSTA स्टोरी में लुटाया प्यार
उन्होंने 119 गेंदों का सामना करते हुए 168 रन बनाए.इस दौरान उनके बल्ले से 19 चौके और 6 शानदार छक्के निकले.उनका स्ट्राइक रेट 141.18 रहा.
आशीर्वाद ने लंबी और जिम्मेदारी भरी पारी खेलते हुए टीम की मजबूत नींव रखी.स्कोरकार्ड के अनुसार उन्हें साजन ने आउट किया.उनकी इस पारी की बदौलत ऋषभ-11 ने विपक्षी टीम के सामने बड़ा लक्ष्य खड़ा किया.
यह भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी के छोटे भाई आशीर्वाद सूर्यवंशी ने उड़ाया गर्दा, जड़ दिया पहला शतक
मैच की तस्वीरों में आशीर्वाद भारतीय टीम की जर्सी स्टाइल हेलमेट पहनकर बल्ला उठाए नजर आए.उज्ज्वल सूर्यवंशी ने उनकी तस्वीर, वीडियो और स्कोरकार्ड साझा करते हुए हार्ट इमोजी भी पोस्ट किए.इससे साफ दिखा कि परिवार उनके प्रदर्शन से बेहद खुश है.
पहले भी जड़ चुके हैं शतक
वैसे आशीर्वाद ने इससे पहले भी हाल में ही एक प्रैक्टिस मैच में शतक जड़ा था. तब आशीर्वाद ने 87 गेंदों पर 103 रनों की पारी खेली. इसमें 20 चौके और एक छक्का शामिल रहा. आशीर्वाद ने यह शतक क्रिकेट अकादमी ताजपुर की ओर से जड़ा था. उस मैच में आशीर्वाद सूर्यवंशी का कैच आयुष सिंह ने पकड़ा था और प्रशांत राज ने उनका विकेट लिया था. इस पारी के बाद भी भाई वैभव सूर्यवंशी, उज्ज्वल सूर्यवंशी और पिता संजीव सूर्यवंशी का रिएक्शन आया था.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क