आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीतने के बाद भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने अपना अगला बड़ा लक्ष्य भी साफ कर दिया है. फाइनल में न्यूजीलैंड पर शानदार जीत के बाद उन्होंने कहा कि अब उनकी नजर 2028 में होने वाले समर ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीतने पर है.
अहमदाबाद में खेले गए फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर इतिहास रच दिया. भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 255 रन का विशाल स्कोर बनाया और फिर शानदार गेंदबाजी के दम पर न्यूजीलैंड की टीम को 159 रन पर समेट दिया.
सूर्या ने बताया अपना अगला लक्ष्य
मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा कि अब उनका अगला लक्ष्य ओलंपिक में देश के लिए स्वर्ण पदक जीतना है. उन्होंने यह भी बताया कि उसी साल टी20 वर्ल्ड कप का अगला संस्करण भी खेला जाएगा, इसलिए टीम की नजर दोनों बड़ी उपलब्धियों पर होगी.
भारत की यह जीत कई मायनों में ऐतिहासिक रही. भारतीय टीम पहली ऐसी टीम बन गई जिसने टी20 वर्ल्ड कप का खिताब बचाने में सफलता हासिल की. इसके साथ ही भारत मेजबान देश के तौर पर ट्रॉफी जीतने वाला पहला देश भी बन गया.
यह भी पढ़ें: वर्ल्ड कप ट्रॉफी लेकर जय शाह के साथ पैदल हनुमान मंदिर पहुंची टीम इंडिया, जश्न में डूबा अहमदाबाद, VIDEO
यह भारत का तीसरा टी20 वर्ल्ड कप खिताब है, जिससे वह इस टूर्नामेंट के इतिहास की सबसे सफल टीम बन गया है. इससे पहले भारत 2007 और 2024 में भी यह खिताब जीत चुका था.
यह भी पढ़ें: छक्के-चौके की बारिश और रिकॉर्डतोड़ फिफ्टी... फाइनल में अभिषेक शर्मा ने दिखाया 'बीस्ट मोड'
128 साल बाद ओलंपिक में वापसी करेगा क्रिकेट
क्रिकेट अब 128 साल बाद ओलंपिक खेलों में वापसी करने जा रहा है. अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति ने पुष्टि की है कि 2028 लॉस एंजेलिस ओलंपिक में पुरुष और महिला दोनों वर्गों में क्रिकेट शामिल किया जाएगा.
इस प्रतियोगिता में छह-छह टीमें हिस्सा लेंगी और मुकाबले टी20 फॉर्मेट में खेले जाएंगे. प्रत्येक इवेंट में कुल 90 खिलाड़ी भाग लेंगे. हालांकि अभी तक यह तय नहीं हुआ है कि ओलंपिक के लिए टीमों का चयन किस प्रक्रिया के तहत होगा.
टी20 क्रिकेट लगभग 100 देशों द्वारा खेला जाता है, इसलिए ओलंपिक के लिए क्वालिफिकेशन की प्रक्रिया काफी प्रतिस्पर्धी हो सकती है. मेजबान देश होने के नाते अमेरिका को सीधे प्रवेश मिलने की संभावना भी जताई जा रही है.
क्रिकेट के अलावा स्क्वैश, फ्लैग फुटबॉल, बेसबॉल/सॉफ्टबॉल और लैक्रोस जैसे खेल भी 2028 ओलंपिक में जोड़े जाएंगे. कुल मिलाकर इस ओलंपिक में 351 पदक स्पर्धाएं होंगी, जो पिछले ओलंपिक से 22 ज्यादा हैं.
aajtak.in