राजस्थान BJP अध्यक्ष मदन राठौड़ अपने एक बयान को लेकर विवाद में आ गए हैं. दरअसल, उन्होंने गुरुवार को एक सार्वजनिक कार्यक्रम में कहा कि अगर अमेरिका और पाकिस्तान के बीच युद्ध होता है, तो भारत पाकिस्तान के साथ खड़ा होगा, क्योंकि वह हमारा पड़ोसी देश है. उनके इस बयान पर कांग्रेस नेताओं और अन्य राजनीतिक हस्तियों ने सवाल उठाए हैं.
राजस्थान भाजपा अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कार्यक्रम में कहा कि हम सभी को यह समझने की जरूरत है. अगर आज अमेरिका और पाकिस्तान के बीच युद्ध होता है, तो हम पाकिस्तान के साथ हैं, क्योंकि वह हमारा पड़ोसी है.
उन्होंने आगे कहा कि जब आपस में किसी मुद्दे की बात आती है, तो भारत के साथ खड़ा होना चाहिए. उनके इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया गया, जिसके बाद राजनीतिक विवाद शुरू हो गया.
कांग्रेस ने BJP से कार्रवाई की मांग की
कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता शमा मोहम्मद ने मदन राठौड़ के बयान की आलोचना की. उन्होंने पाकिस्तान को आतंकवादी देश बताते हुए कहा कि वहां से भारत के सैनिकों और आम लोगों पर हमलों का खतरा रहा है. शमा मोहम्मद ने सवाल किया कि अगर BJP अध्यक्ष के बयान से पार्टी सहमत नहीं है, तो उनके खिलाफ क्या कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को लेकर भी सवाल उठाए.
कांग्रेस के राष्ट्रीय समन्वयक संदीप गुप्ता ने भी सोशल मीडिया पर राठौड़ के बयान की आलोचना की. उन्होंने आरोप लगाया कि इस बयान से BJP का पाकिस्तान के प्रति रुख सामने आता है.
AAP नेताओं ने भी वीडियो शेयर कर जताया विरोध
आम आदमी पार्टी के नेताओं ने भी मदन राठौड़ के बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया. दिल्ली इकाई से जुड़े AAP युवा विंग के प्रदेश अध्यक्ष रमेश मटियाला और पार्टी नेता विनय महाबल मिश्रा ने वीडियो पोस्ट किया. AAP उत्तर प्रदेश के उपाध्यक्ष राम गुप्ता ने भी बयान की आलोचना की. उन्होंने आरोप लगाया कि BJP और पाकिस्तान की विचारधारा में समानता है.
मदन राठौड़ के बयान को लेकर सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने आलोचना की. विवाद की मुख्य वजह उनका यह कहना रहा कि अमेरिका और पाकिस्तान के बीच युद्ध होने पर भारत पाकिस्तान के साथ खड़ा होगा. इस बीच मदन राठौड़ के बयान पर BJP की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
aajtak.in