राजस्थान के कोटपूतली जिले में दिल्ली-जयपुर हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया. आंतेला क्षेत्र में हाईवे पर एक बेकाबू ट्रेलर होटल के बाहर बनी पार्किंग में घुस गया और वहां पैदल जा रहे एक शख्स को कुचल दिया. हादसा इतना भयावह था कि व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई. पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. मृतक की पहचान आंतेला क्षेत्र के नारनौलिया की ढाणी निवासी सुरजाराम यादव के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि सुरजाराम होटल के बाहर बनी पार्किंग के पास पैदल जा रहे थे. इसी दौरान हाईवे पर डायवर्जन से गुजर रहा एक ट्रेलर अचानक बेकाबू हो गया.
होटल पार्किंग में पैदल जा रहे व्यक्ति को कुचला
सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि ट्रेलर सर्विस रोड पर नियंत्रण खो बैठा और सीधे होटल की पार्किंग की ओर मुड़ गया. सामने से आते ट्रेलर को देखकर सुरजाराम ने खुद को बचाने की कोशिश भी की, लेकिन उन्हें संभलने का मौका नहीं मिला. बेकाबू ट्रेलर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया और कुछ दूरी तक घसीटता हुआ ले गया.
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. आसपास मौजूद लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और घायल सुरजाराम को अस्पताल पहुंचाया. हालांकि डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे पर नीलका पुलिया का निर्माण कार्य लंबे समय से चल रहा है. इसी कारण ट्रैफिक को डायवर्ट किया गया है. लोगों ने निर्माण कार्य से जुड़ी एजेंसी और निर्माण कंपनी पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि डायवर्जन क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और यातायात नियंत्रण के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं.
ट्रेलर जब्त, पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी जुटाई. पुलिस ने हादसे में शामिल ट्रेलर को जब्त कर लिया है. साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी गई है. हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए. परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. परिजनों ने पुलिस को लिखित शिकायत दी है, जिसके आधार पर एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है. फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है. वहीं सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा हादसे का वीडियो लोगों को झकझोर रहा है.
हिमांशु शर्मा