परिजनों के आने के बाद होगा पोस्टमार्टम
राजस्थान के कोटा जिले में रविवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई. हादसा दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर चेचट थाना क्षेत्र में करीब 2:30 बजे हुआ, जब तेज रफ्तार कार एक ट्रक से पीछे से जा टकराई.
न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक ब्रेज़ा कार अत्यधिक गति में थी और नियंत्रण खोने के कारण ट्रक के पिछले हिस्से से भिड़ गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार में सवार चारों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई.
तेज रफ्तार ब्रेज़ा ट्रक से पीछे से भिड़ी
मृतकों की पहचान श्रेष्ठ वाजपेयी (21), प्रियंजुल चतुर्वेदी (36), अंकुश दुबे (25) और आशुतोष प्रताप सिंह (20) के रूप में हुई है. सभी उत्तर प्रदेश के निवासी बताए जा रहे हैं. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे और शवों को बाहर निकाला.
पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में तेज रफ्तार को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है. दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है.
परिजनों के आने के बाद होगा पोस्टमार्टम
चारों शवों को रामगंजमंडी कस्बे की मोर्चरी में रखवाया गया है. परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी. हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया. पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने और सावधानी बरतने की अपील की है.
aajtak.in