राजस्थान के सीकर जिले के खाटूश्यामजी थाना पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग के हरि बॉक्सर को सूचना देने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है. इस मामले में मंदिर समिति के पदाधिकारियों को धमकी देकर रंगदारी मांगने का मामला सामने आया था, जिसके बाद पुलिस लगातार जांच में जुटी हुई थी.
गिरफ्तार आरोपी की पहचान लामिया निवासी बिट्टू उर्फ महेन्द्र के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार आरोपी खाटूश्यामजी में वीआईपी दर्शन कराने वाले एक लपका गैंग से जुड़ा हुआ था और इसी नेटवर्क के जरिए उसने गैंग को जानकारी उपलब्ध कराई थी. इसी सूचना के आधार पर हरि बॉक्सर की ओर से धमकी दी गई थी.
गैंग को सूचना देने वाला सदस्य दबोचा गया
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी ने एक ऐप के जरिए हरि बॉक्सर को पूरी जानकारी दी थी, जिसके बाद मंदिर समिति के पदाधिकारियों को धमकी मिली. इस मामले में श्याम सुंदर पूनिया और मानवेन्द्र सिंह चौहान को निशाना बनाया गया था. पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गैंग के कुछ अन्य सदस्य जैसे राजू मांजू, अशोक मुकाम और लादेन बिश्नोई भी इस नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं. ये लोग खाटूश्यामजी दर्शन के लिए आते थे और उनके माध्यम से भी संपर्क बनाए रखा जाता था.
पुलिस मामले की जांच में जुटी
बता दें, श्याम पूनिया को 26 सितंबर 2025 को हरि बॉक्सर की तरफ से और 19 नवंबर 2025 को रोहित गोदारा की ओर से भी धमकी मिल चुकी थी. इसी को लेकर पुलिस ने गंभीरता से जांच शुरू की थी. एडिशनल एसपी दीपक गर्ग ने बताया कि आरोपी से तीन दिन की पुलिस रिमांड पर पूछताछ की जा रही है. पुलिस का मानना है कि पूछताछ में इस पूरे गैंग नेटवर्क और उसके सक्रिय सदस्यों के बारे में कई अहम खुलासे हो सकते हैं. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और गैंग के अन्य सदस्यों तक पहुंचने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं.
हिमांशु शर्मा