हवेली की तुड़ाई में मिला खजाना तो रातों-रात बदली किस्मत, आरोपियों के अचानक अमीर बनने से खुला राज

Jaipur Haveli Treasure Mystery: जयपुर के माणक चौक में पुरानी हवेली की तुड़ाई में मिले खजाने के मामले में 5 गिरफ्तार. पुलिस ने 66.400 किलो चांदी बरामद की. जानिए कैसे खुली पोल...

Advertisement
जयपुर में 66 किलो चांदी संग 5 आरोपी गिरफ्तार.(Photo:ITG) जयपुर में 66 किलो चांदी संग 5 आरोपी गिरफ्तार.(Photo:ITG)

विशाल शर्मा

  • जयपुर ,
  • 08 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 8:16 PM IST

जयपुर में एक पुरानी हवेली की तुड़ाई के दौरान सामने आए खजाने की कहानी अब किसी फिल्मी पटकथा जैसी लगने लगी है. माणक चौक इलाके में मलबे से निकली चांदी की सिल्लियां, सोने के सिक्के और हजारों पुराने चांदी के सिक्कों के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 66.400 किलो चांदी की सिल्लियां बरामद की हैं.

Advertisement

यह मामला 15 जुलाई 2026 को माणक चौक थाने में दर्ज हुआ था. पुलिस के अनुसार, विद्याधर का रास्ता स्थित एक पुरानी हवेली को गिराकर नया निर्माण कराया जा रहा था. तुड़ाई के दौरान मलबे में बड़ी मात्रा में कीमती सामान मिलने की बात सामने आई, जिसके बाद पूरे मामले ने सनसनी फैला दी थी.

पुलिस के अनुसार, परिवादी राहुल सेठी ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि उनकी पुरानी बिल्डिंग को तोड़कर नया भवन बनाने के लिए एक फर्म के साथ एग्रीमेंट किया गया था. फर्म की ओर से तुड़ाई का काम महेश मल्होत्रा उर्फ छोटू को सौंपा गया था. शिकायत में कहा गया कि भवन तुड़ाई शुरू होने से पहले राहुल सेठी ने महेश मल्होत्रा को स्पष्ट निर्देश दिए थे कि यदि तोड़फोड़ के दौरान कोई भी कीमती सामान निकलता है तो उसे तत्काल उन्हें सौंप दिया जाए.

Advertisement

हालांकि, बाद में राहुल सेठी को जानकारी मिली कि तुड़ाई के दौरान मलबे से लगभग 10-15 चांदी की सिल्लियां, जिनका वजन करीब 40-45 किलोग्राम था, 14-15 स्वर्ण कलश जिनमें सोने के सिक्के भरे हुए थे, लगभग 8000-10000 पुराने चांदी के सिक्के और अन्य बहुमूल्य संपत्ति मिली थी.

आरोप है कि महेश मल्होत्रा ने यह सामान अपने सहयोगियों अनुज, जगदीश, रजनी, रेहान, सुल्तान और पप्पू अजमेरा के साथ मिलकर कथित तौर पर खुदबुर्द कर लिया.

पुलिस जांच के अनुसार, हवेली की तुड़ाई करने वाले मिस्त्री को पहले ही भवन मालिक ने स्पष्ट निर्देश दिए थे कि यदि तुड़ाई के दौरान कोई भी कीमती सामान, धातु या अन्य संपत्ति मिले तो उसे तत्काल मालिक को सौंप दिया जाए.

आरोप है कि कथित तौर पर कीमती सामान मिलने के बाद इसे मालिक को देने के बजाय अपने साथियों के साथ मिलकर छिपाने और बेचने की योजना बनाई गई.

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने कथित तौर पर करीब 10-15 चांदी की सिल्लियां, जिनका वजन लगभग 40-45 किलो बताया गया, 14-15 सोने के सिक्के और करीब 8-10 हजार पुराने चांदी के सिक्के समेत अन्य कीमती सामान अपने कब्जे में ले लिया.

इस मामले की सबसे दिलचस्प कड़ी यह रही कि घटना के बाद पुलिस के पास तत्काल कोई ठोस साक्ष्य नहीं था. न घटनास्थल का सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध था और न ही पर्याप्त प्रत्यक्ष गवाह. ऐसे में पुलिस ने मामले को ठंडे बस्ते में डालने के बजाय तकनीकी जांच का सहारा लिया.

Advertisement

जांच अधिकारियों ने संदिग्धों की मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड, लोकेशन, आपसी संपर्क, गतिविधियों और आर्थिक लेनदेन की गहन पड़ताल शुरू की. मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया और जयपुर सहित आसपास के इलाकों में संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी गई.

पुलिस को जांच के दौरान सबसे बड़ा सुराग आरोपियों की बदली हुई आर्थिक स्थिति से मिला. जिन लोगों की पहले आर्थिक गतिविधियां सामान्य थीं, वे अचानक बड़े स्तर पर लेनदेन करने लगे. इसी बदलाव ने पुलिस का शक गहरा दिया.

डीसीपी करण शर्मा ने बताया कि संदिग्धों की आर्थिक गतिविधियों में आए बदलाव और संदिग्ध लेनदेन की कड़ियां सामने आने के बाद जांच को नई दिशा मिली. लगातार निगरानी और पूछताछ के बाद पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया.

पुलिस ने आरोपी महेश मल्होत्रा उर्फ छोटू, जगदीश राजोरिया, ओमप्रकाश खींची, अनुज अरोड़ा और रजनी मल्होत्रा को गिरफ्तार किया है. इनके कब्जे से 66.400 किलो चांदी की सिल्लियां बरामद कर जब्त की गई हैं. फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस इस पूरे मामले की हर कड़ी को जोड़ने में जुटी है.

अब जांच का सबसे बड़ा सवाल यही है कि हवेली से कथित तौर पर मिला कुल कीमती सामान कितना था. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उसमें से कितना सामान बेचा जा चुका है, कितना बरामद हुआ है और बाकी सामान कहां गायब हुआ. पुलिस अधिकारियों का मानना है कि मामले में आगे और भी बरामदगी हो सकती है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »