राजस्थान के बाड़मेर जिले में रिश्तों को झकझोर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर पत्नी और उसके प्रेमी ने मिलकर अपने पति की हत्या कर दी और शव को एक खेत में बने पानी के टांकी में फेंक दिया. इस मामले ने पूरे इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल है. यह घटना 4 जून की बताई जा रही है, जब बाड़मेर के गरल गांव निवासी 42 वर्षीय तेजाराम का शव मालपुरा फांटा के पास एक खेत में बने पानी की टांकी में मिला था. लाश मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की.
मृतक के भाई महेशाराम ने इस मामले में तेजाराम की पत्नी नेतल और उसके प्रेमी गुमानसिंह पर हत्या का संदेह जताया था. महेशाराम ने आरोप लगाया कि गुमानसिंह एक टैक्सी चालक है और उसके भाभी नेतल के साथ अवैध संबंध थे. जब तेजाराम को इस संबंध की जानकारी मिली तो घर में विवाद शुरू हो गया था. पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की. शुरुआती जांच में कई तकनीकी साक्ष्य और परिस्थितियां इस ओर इशारा कर रही थीं कि यह एक सामान्य मौत नहीं बल्कि एक सुनियोजित हत्या हो सकती है.
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक की पत्नी नेतल सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहती थी. इंस्टाग्राम पर उसके करीब 42 हजार फॉलोअर्स थे और वह एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के रूप में पहचानी जाती थी. इसी इंस्टाग्राम के जरिए उसकी पहचान टैक्सी चालक गुमानसिंह से हुई थी और धीरे धीरे दोनों के बीच संबंध गहरे होते चले गए. जब यह संबंध पति तेजाराम को पता चला तो घर में तनाव बढ़ गया. पुलिस के अनुसार तेजाराम अक्सर अपनी पत्नी को गुमानसिंह से दूर रहने की हिदायत देता था. इस कारण पति पत्नी के बीच लगातार झगड़े होने लगे थे.
4 जून को खेत के टांके में मिला था तेजाराम का शव
इसी तनाव के बीच दोनों ने मिलकर तेजाराम को रास्ते से हटाने की साजिश रची. पुलिस जांच के अनुसार 2 जून को पत्नी नेतल ने अपने पति को फोन किया और कहा कि वह उससे परेशान हो चुकी है और घर छोड़कर जा रही है. इसके बाद उसने अपना फोन बंद कर दिया. फोन बंद होने पर तेजाराम परेशान हो गया और अपनी पत्नी को ढूंढने के लिए जालोर से निकल पड़ा. इसी दौरान जब वह अपनी पत्नी से संपर्क नहीं कर पाया तो उसने टैक्सी चालक गुमानसिंह को फोन किया. गुमानसिंह ने उसे झांसे में लेते हुए कहा कि वह धोरीमन्ना आ जाए, वहीं मिलकर बात करेंगे.
2 जून की शाम तेजाराम धोरीमन्ना पहुंचा, जहां गुमानसिंह ने उसे पहले भरोसे में लिया और फिर उसे शराब पिलाई. जब तेजाराम पूरी तरह नशे में हो गया तो गुमानसिंह उसे अपनी टैक्सी में बैठाकर मालपुरा फांटा के पास एक सुनसान खेत में ले गया. वहां आरोपी ने नशे में धुत तेजाराम को पानी से भरी टांकी में फेंक दिया. टांकी में डूबने के कारण तेजाराम की मौत हो गई. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने मृतक का बैग और मोबाइल फोन खेत के बाहर फेंक दिया और मौके से फरार हो गया.
घटना का खुलासा तब हुआ जब खेत मालिक ने टांकी में शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी. पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की. पुलिस के अनुसार मृतक का मोबाइल फोन स्विच ऑफ था. जब पुलिस ने फोन को चार्ज कर ऑन किया तो उसमें कई कॉल डिटेल्स और मिस कॉल मिले. इन्हीं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई और पूरे मामले की परतें खुलती चली गईं.
तकनीकी जांच और कॉल रिकॉर्ड्स के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों पत्नी नेतल और प्रेमी गुमानसिंह को गिरफ्तार कर लिया. बाड़मेर डीएसपी रमेश कुमार शर्मा ने बताया कि दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां पत्नी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है जबकि गुमानसिंह को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है.
तकनीकी जांच और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने किया खुलासा
डीएसपी ने यह भी बताया कि जांच में सामने आया है कि यह पूरी वारदात पहले से सोची समझी साजिश के तहत की गई थी. पुलिस अब इस मामले में सभी पहलुओं की गहराई से जांच कर रही है. फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में हैं और आगे की पूछताछ जारी है. इस घटना ने एक बार फिर सोशल मीडिया रिश्तों और पारिवारिक विवादों के खतरनाक रूप को सामने ला दिया है.
दिनेश बोहरा