पत्नी को वापस पाने के लिए नरबलि...खाना खाने के बहाने शख्स को बुलाया, फिर सिर धड़ से कर दिया अलग

ओडिशा के बोलांगीर जिले में 40 वर्षीय संतोष खारसेल की हत्या कर सिर धड़ से अलग करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पुलिस ने मुख्य आरोपी शत्रुघ्न साहू समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है. आरोप है कि साहू ने संतोष को खाना खाने के बहाने बुलाया और हत्या के बाद शव तालाब में फेंक दिया, जबकि सिर पूजा कक्ष में छिपा दिया.

Advertisement
नरबलि की घटना से दहशत में इलाके के लोग. (Photo: Screengrabs) नरबलि की घटना से दहशत में इलाके के लोग. (Photo: Screengrabs)

अजय कुमार नाथ

  • भुवनेश्वर,
  • 22 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 8:37 AM IST

ओडिशा के बोलांगीर ज़िले में देवगांव पुलिस थाना क्षेत्र के बगदा गांव में एक 40 साल के व्यक्ति की कथित तौर पर हत्या कर दी गई और उसका सिर धड़ से अलग कर दिया गया. पुलिस ने इस मामले में 5 लोगों को गिरफ़्तार किया है. मृतक की पहचान बोलांगीर ज़िले के तुसुरा पुलिस थाना क्षेत्र के तेबदमुंडा गांव के रहने वाले संतोष खारसेल के तौर पर हुई है. पुलिस का दावा है कि हत्याकांड को अंजाम पत्नी को वापस पाने के लिए दिया गया.

Advertisement

खाना खाने के लिए बुलाया और सिर धड़ से कर दिया अलग
बोलांगीर के एसपी जी. अभिलाष के मुताबिक मुख्य आरोपी शत्रुघ्न साहू ने कथित तौर पर 18 अगस्त को संतोष को खाना खाने के बहाने अपने घर बुलाया था. पुलिस को शक है कि संतोष के सो जाने के बाद, साहू और उसके कुछ साथियों ने उस पर हमला किया और उसकी हत्या कर दी. जिसके बाद उसका सिर धड़ से अलग कर दिया. जांचकर्ताओं को शक है कि यह अपराध नरबलि और तंत्र-मंत्र से जुड़ा हो सकता है.

हत्या के बाद आरोपी संतोष के शव को गांव के बाहर ले गए और एक तालाब में फेंक दिया. जबकि उसका कटा हुआ सिरे साहू के घर के पूजा कक्ष में छिपाकर रखा गया था. गुरुवार को स्थानीय लोगों ने तालाब के पास बिना सिर वाला शव देखा और पुलिस को सूचना दी. जिसके बाद देवगांव पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.

Advertisement

पुलिस पहुंची तो कर रहा था मेडिटेशन
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि संतोष को आखिरी बार शत्रुघ्न साहू के साथ देखा गया था. इस जानकारी के आधार पर पुलिस की एक टीम साहू के घर पहुंची. उस समय साहू कथित तौर पर घर के अंदर ध्यान (मेडिटेशन) कर रहा था. शुरुआती पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि शराब पीने को लेकर हुए विवाद के बाद संतोष की हत्या की गई थी. हालांकि, आगे की पूछताछ में उसने कथित तौर पर बताया कि संतोष का कटा हुआ सिर पूजा कक्ष में छिपाया गया था.

इसके बाद आरोपी पुलिस को उस जगह ले गया जहां सिर दबाया गया था. पुलिस ने उस जगह की खुदाई की और संतोष का कटा हुआ सिर बरामद किया. अपराध में इस्तेमाल किया गया खून से सना धारदार हथियार भी ज़ब्त किया गया है. पुलिस ने हत्या के मामले में मुख्य आरोपी शत्रुघ्न साहू समेत 5 लोगों को गिरफ़्तार किया है. साहू की मां, भाई और भाभी को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है, क्योंकि जांचकर्ता घटनाक्रम का पूरा ब्योरा पता लगाने और यह जानने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या इसमें और लोग भी शामिल थे.

पत्नी को वापस पाने के लिए दी बलि
पुलिस को शक है कि यह हत्या अंधविश्वास और कथित तंत्र-मंत्र की वजह से की गई हो सकती है. पूछताछ के दौरान, साहू ने कथित तौर पर जांचकर्ताओं को बताया कि उसने अपनी अलग हो चुकी पत्नी को वापस पाने की उम्मीद में यह बलि दी थी. जांच के अनुसार साहू की पत्नी पिछले करीब 10 सालों से अपने बेटे और बेटी के साथ उससे अलग रह रही थी. पुलिस को शक है कि उसके तंत्र-मंत्र या जादू-टोने में शामिल होने की वजह से ही परिवार उससे दूर रहा होगा.

Advertisement

पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या कथित मानव बलि की योजना साहू ने अकेले बनाई थी या इसमें किसी और की भी मदद ली थी. SP अभिलाष ने बताया कि मुख्य आरोपी ने पूछताछ के दौरान अपना जुर्म कबूल कर लिया है. पुलिस ने आरोपी के घर से पीड़ित का कटा हुआ सिर भी बरामद किया है और जांच के तहत घटनाक्रम को फिर से दोहराकर (री-कंस्ट्रक्शन) जांच की है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »