मध्य प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में प्रचंड गर्मी ने लोगों की हालत खराब कर दी है. दिन के साथ-साथ रातें भी अब तप रही हैं. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने इंदौर, उज्जैन, रतलाम, धार, देवास और गुना समेत कई जिलों के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है. अगले 24 घंटों में इन क्षेत्रों में अत्यधिक गर्मी और लू चलने की आशंका है.
IMD के मुताबिक, राज्य के अधिकांश हिस्सों (दक्षिण-पूर्वी MP को छोड़कर) में अधिकतम तापमान 42 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने वाला है. मौसम विशेषज्ञ एचएस पांडे ने बताया कि पश्चिमी मध्य प्रदेश बड़े पैमाने पर हीट जोन में बना हुआ है. सुबह-शाम भी राहत नहीं मिल रही है क्योंकि न्यूनतम तापमान 28-30 डिग्री के आसपास बना हुआ है.
इंदौर में रात भी दिन जैसी गर्म
मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.7 डिग्री ज्यादा है. यह लगातार दूसरा दिन है जब शहर का न्यूनतम तापमान 30 डिग्री के पार पहुंचा. बुधवार को यह 30.2 डिग्री रहा. दोपहर में सड़कें सुनसान नजर आईं और लोग जरूरी काम के सिवा घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं.
उज्जैन में न्यूनतम तापमान 29.2 डिग्री, रतलाम में 28.6 डिग्री, गुना और सतना में 28.7 डिग्री, भोपाल में 28.9 डिग्री और जबलपुर में 29.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. नर्मदापुरम में पारा 29.4 डिग्री तक पहुंच गया.
मौसम विभाग के अनुसार, अगले एक-दो दिनों तक गर्मी का प्रकोप जारी रहने की संभावना है. दक्षिण-पूर्वी मध्य प्रदेश में अपेक्षाकृत राहत है, लेकिन पश्चिमी और उत्तरी हिस्सों में स्थिति गंभीर बनी हुई है. गर्मी के इस प्रचंड प्रकोप ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है.
IMD ने प्रभावित जिलों के लोगों से अपील की है कि वे दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक बाहर निकलने से बचें. खूब पानी पिएं, हल्के रंग के ढीले कपड़े पहनें, सिर पर कपड़ा या छाता लेकर चलें. लू के लक्षण दिखने पर तुरंत चिकित्सकीय मदद लें.
aajtak.in