मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के घर एक खास मेहमान आया है. यह मेहमान है पुंगनूर गाय का जोड़ा, जो विशेष तौर पर आंध्र प्रदेश से लाया गया है. खुद सीएम मोहन यादव ने इसकी जानकारी सोशल मीडिया के जरिए साझा की है. सीएम मोहन यादव ने गाय का नाम 'मीरा', तो वहीं नंदी का नाम 'गोपाल' रखा है. इस गाय को लाने की वजह के पीछे उन्होंने पीएम मोदी की प्रेरणा को बताया है.
दरअसल, सीएम मोहन यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म (X) पर एक पोस्ट में किया है. जिसमें उन्होंने लिखा है कि 'आज अत्यंत शुभ दिन है, मंगल बेला है,. सौभाग्य से निवास पर विशेष प्रजाति की पुंगनूर गाय और नंदी का आंध्र प्रदेश से आगमन हुआ है. गौमाता की सेवा से जीवन धन्य करना परम पुण्य दायक है. निवास पर गौ माता 'मीरा' और नंदी महाराज 'गोपाल' जी का हार्दिक स्वागत है.
ये भी पढ़ें-
निवास पर लक्ष्मी नामक गौमाता पहले से हैं. छोटे पैर और छोटे कद की पुंगनूर नस्ल की गाय विलुप्त होने की कगार पर थी, लेकिन माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की प्रेरणा से अब इस नस्ल की गाय के अब न सिर्फ आंध्र प्रदेश बल्कि देश के अन्य स्थानों पर भी संरक्षण के प्रयास हो रहे हैं. 33 कोटि देवताओं को वास देने वाली गौ माता के चरणों में प्रार्थना है कि प्रदेशवासियों पर अपनी कृपा की वर्षा अनवरत बनाए रखें और सभी का कल्याण करें.
'PM ने मकर संक्रांति के मौके पर गायों को खिलाया था चारा'
बता दें कि पीएम मोदी ने मकर संक्रांति के मौके पर गायों को चारा खिलाया था. ये गायें अपनी नस्ल और हाइट को लेकर चर्चा में रहती हैं. जैसे ही इनकी तस्वीरें सामने आईं, हर कोई ये जानना चाहता था कि आखिर ये गायें किस नस्ल की हैं. सोशल मीडिया पर भी इनकी काफी चर्चा हुई थी. विडियो वायरल होने पर सबका ध्यान आंध्र प्रदेश की पुंगनूर नस्ल की इन गायों की ओर गया था.
रवीश पाल सिंह