इंदौर के पॉश इलाके सपना संगीता में बुजुर्ग व्यापारी से हफ्ता वसूली और बेरहमी से मारपीट का मामला सामने आया है. धार से आए बदमाशों ने 68 वर्षीय बुजुर्ग व्यापारी को धमकाते हुए कहा कि व्यापार करना है तो हर महीने 50 हजार रुपये देने होंगे. बुजुर्ग द्वारा अवैध वसूली देने से मना करने पर आरोपियों ने उनके साथ जमकर मारपीट की. घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसके आधार पर भंवरकुआं पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है.
घर पहुंचकर दी गालियां, मांगी 50 हजार की रंगदारी
एडिशनल डीसीपी दिशेष अग्रवाल के अनुसार 65 वर्षीय रमा गर्ग ने शिकायत दर्ज कराई है कि 14 अक्टूबर की शाम करीब 6 बजे धार निवासी नरेंद्र मेहता और पुष्कित मेहता अपने दो अन्य साथियों के साथ उनके घर पहुंचे.
आरोपियों ने उनके पति कैलाश चंद्र गर्ग (68) को रोककर अपशब्द कहने के साथ ही धमकाते हुए कहा- "अगर तुम्हें व्यापार करना है तो हर महीने 50,000 रुपये देने पड़ेंगे." जब बुजुर्ग कैलाश चंद्र ने अवैध रकम देने से साफ इनकार कर दिया, तो नरेंद्र, पुष्कित और उनके साथियों ने आव-देखा न ताव और बुजुर्ग पर मुक्कों से हमला कर दिया. हमले में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए.
सीसीटीवी फुटेज आया सामने, बदमाशों की तलाश में जुटी पुलिस
घटना के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में बदमाशों द्वारा बुजुर्ग के साथ की जा रही मारपीट की पूरी वारदात कैद हो गई है. फुटेज में आरोपी बुजुर्ग को बेरहमी से पीटते और धमकाते साफ नजर आ रहे हैं. पुलिस ने फुटेज को साक्ष्य के तौर पर जब्त कर लिया है और ठिकानों पर दबिश दे रही है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
धर्मेंद्र कुमार शर्मा