मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के मुरार थाना क्षेत्र में शनिवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई. बारादरी इलाके में दो भाइयों के बीच पैसों के लेनदेन और घर साथ न ले जाने की बात को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक ने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली. घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
जानकारी के मुताबिक, दोनों भाई लोडिंग वाहन चलाने का काम करता है. किसी बात को लेकर दोनों के बीच पहले कहासुनी हुई, लेकिन देखते ही देखते विवाद बढ़ गया. इसी दौरान गुस्से में युवक पेट्रोल से भरी बोतल लेकर आया.
यह भी पढ़ें: ग्वालियर में सड़क बनी अखाड़ा, युवती ने बाइक पर फेंके पत्थर और छीना मोबाइल, VIDEO वायरल
युवक ने पहले अपने ऊपर पेट्रोल डाला और फिर लोडिंग वाहन पर भी पेट्रोल छिड़क दिया. इसके बाद उसने आग लगा ली. आग की लपटें उठते ही आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया.
लोगों ने दिखाई बहादुरी, बचाई युवक की जान
घटना को देखकर आसपास मौजूद लोगों ने बिना देर किए आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी. लोगों की तत्परता से आग पर काबू पा लिया गया और युवक की जान बच गई.
सूचना मिलते ही मुरार थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घायल युवक को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल भेजा, जहां उसका इलाज जारी है.
घटना के बाद पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि विवाद किन परिस्थितियों में इतना बढ़ गया कि युवक ने आत्महत्या जैसा कदम उठाने की कोशिश की.
पैसों के विवाद और पारिवारिक तनाव की जांच
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों भाइयों के बीच पैसों के लेनदेन और घर साथ न ले जाने को लेकर विवाद हुआ था. इसी विवाद के बाद युवक ने गुस्से में यह कदम उठाया.
पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है. साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके.
ग्वालियर के सीएसपी अतुल कुमार सोनी ने बताया कि युवक को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है. फिलहाल उसकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है और घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.
सर्वेश पुरोहित