मध्य प्रदेश में आज एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. कानपुर से मैहर स्थित मां शारदा के दर्शन करने जा रहे श्रद्धालुओं की बोलेरो बेकाबू होकर झूरी नदी में जा गिरी. हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलने पर पुलिस और डायल 112 की टीम भी मौके पर पहुंची. सभी घायलों को जानकीकुंड अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया.
बोलेरो में सवार श्रद्धालु कानपुर से मैहर स्थित मां शारदा के दर्शन के लिए जा रहे थे. इसी दौरान चित्रकूट थाना क्षेत्र में झूरी नदी के पास उनकी गाड़ी हादसे का शिकार हो गई. हादसा तड़के करीब 3 बजे हुआ. शुरुआती जानकारी के अनुसार, चालक को झपकी आने के कारण बोलेरो बेकाबू हो गई. गाड़ी पुल की रेलिंग तोड़ते हुए सीधे नदी में जा गिरी. अंधेरा होने के कारण राहत और बचाव के काम में भी मुश्किल आई. गाड़ी नदी में गिरने की खबर मिलते ही आसपास के लोग और वहां से गुजर रहे राहगीर मदद के लिए आगे आए.
हादसे के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों और स्थानीय लोगों ने साहस दिखाया. वे नदी में उतरे और गाड़ी में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने की कोशिश शुरू कर दी. इसी बीच घटना की सूचना पुलिस को दी गई. डायल 112 और स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. राहगीरों और पुलिस की मदद से सभी यात्रियों को बाहर निकालकर पास के जानकीकुंड अस्पताल पहुंचाया गया. दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो को क्रेन की मदद से नदी से बाहर निकाला गया. हादसे के बाद घटनास्थल पर राहत और बचाव का काम जारी रहा.
यह भी पढ़ें: कर्नाटक में बड़ा हादसा टला! तकनीकी खराबी के बाद ट्रेनिंग विमान की खेत में इमरजेंसी लैंडिंग
अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद दो यात्रियों को मृत घोषित कर दिया. मृतकों की पहचान 50 वर्षीय सुनील गुप्ता निवासी द्विवेदी नगर कानपुर और 30 वर्षीय हिमांशु सिंह सेंगर निवासी गंगापुर कॉलोनी कानपुर के रूप में हुई है. हादसे में चार अन्य लोग घायल हुए हैं. उनकी पहचान 37 वर्षीय राजकुमार गुप्ता निवासी हमीरपुर, 42 वर्षीय गोपाल तिवारी, 35 वर्षीय दीपक तिवारी और 35 वर्षीय राहुल पांडे निवासी कानपुर के रूप में हुई है. घायलों का जानकीकुंड अस्पताल में इलाज चल रहा है.
चित्रकूट थाना प्रभारी नीलेश तिवारी ने फोन पर बताया कि सूचना मिलने पर डायल 112 और स्थानीय पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची थी. राहगीरों और पुलिस की मदद से सभी यात्रियों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दो लोगों को मृत घोषित कर दिया गया. पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं. मामले की जांच शुरू कर दी गई है. फिलहाल, हादसे की शुरुआती वजह चालक को झपकी आना बताई जा रही है.
वेंकटेश द्विवेदी