मोड़ पर बिगड़ा संतुलन, पानी से भरी बंद खदान में गिरी कार... 22 साल के कैब ड्राइवर की डूबने से मौत

भोपाल के अयोध्या नगर थाना क्षेत्र के अरहेड़ी गांव में तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पानी से भरी बंद खदान में गिर गई. हादसे में 22 वर्षीय कैब ड्राइवर रोहित माली की डूबने से मौत हो गई, जबकि कार में सवार दो साथी बाहर निकलने में सफल रहे. पुलिस ने शव को बाहर निकालकर क्रेन की मदद से कार को खदान से बाहर निकाला.

Advertisement
तेज रफ्तार का कहर.(Photo: Screengrab) तेज रफ्तार का कहर.(Photo: Screengrab)

रवीश पाल सिंह

  • भोपाल,
  • 07 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 11:32 PM IST

मध्य प्रदेश के भोपाल में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया. अयोध्या नगर थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत अरहेड़ी में तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पानी से भरी बंद खदान में गिर गई. इस हादसे में 22 वर्षीय कैब ड्राइवर की पानी में डूबने से मौत हो गई, जबकि कार में सवार दो अन्य युवक किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहे.

Advertisement

जानकारी के अनुसार, हादसे के समय कार की रफ्तार काफी तेज थी. मोड़ पर पहुंचते ही ड्राइवर कार पर नियंत्रण खो बैठा. इसके बाद कार फेंसिंग तोड़ते हुए सड़क किनारे मौजूद पानी से भरी बंद खदान में जा गिरी.

यह भी पढ़ें: 'भोपाल का ऐशबाग ब्रिज 90 नहीं, 119 डिग्री का है', मध्य प्रदेश के PWD मंत्री का दावा- विकसित देशों में भी हैं ऐसे पुल

कार में सवार थे तीन युवक

हादसे के समय कार में कैब ड्राइवर रोहित माली (22), अजय भारती और अरविंद माली मौजूद थे. कार खदान में गिरते ही अजय और अरविंद किसी तरह बाहर निकलने में सफल हो गए.

लेकिन ड्राइवर रोहित माली सीट बेल्ट लगाए हुए था, जिसके कारण वह समय पर कार से बाहर नहीं निकल सका. पानी में डूबने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई.

Advertisement

पुलिस ने शव और कार को बाहर निकलवाया

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने पहले रोहित माली के शव को पानी से बाहर निकलवाया. इसके बाद क्रेन की मदद से कार को भी खदान से बाहर निकाला गया.

बताया जा रहा है कि अरहेड़ी क्षेत्र में बड़ी संख्या में बंद खदानें मौजूद हैं, जिनमें कई फीट तक पानी भरा हुआ है.

खदानों के पास बसी हैं अवैध कॉलोनियां

स्थानीय लोगों के मुताबिक इन बंद खदानों के आसपास कई अवैध कॉलोनियां भी बस चुकी हैं. बड़ी संख्या में लोग इन पानी से भरी खदानों के पास रहते हैं और रोजाना इन रास्तों से आवाजाही करते हैं.

ऐसे में इन खदानों के कारण इलाके में अक्सर हादसों का खतरा बना रहता है. स्थानीय लोग लंबे समय से इस क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था की मांग भी करते रहे हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement