Kathal ki Sabji: दोपहर के खाने में अक्सर समझ नहीं आता कि क्या नया बनाया जाए जो घर के बच्चों से लेकर बड़ों तक सबको पसंद आए. रोज की तोरी, टिंडा या दाल खाकर अक्सर बच्चे मुंह बनाने लगते हैं. ऐसे में अगर आप कुछ ऐसा ढूंढ रहे हैं जो बनाने में आसान हो और स्वाद में एकदम रिच हो तो ग्रेवी वाली कटहल की सब्जी बेस्ट ऑप्शन है.
सही तरीके से पकाया गया कटहल अंदर तक जूसी और सॉफ्ट बनता है. अगर आप यहां बताए गए तरीके से सब्जी बनाते हैं तो इसका गाढ़ा और खुशबूदार मसाला आपको बिल्कुल मटन या कड़ाही पनीर जैसा स्वाद देगा. आइए जानते हैं इसे बनाने की आसान रेसिपी.
सामग्री (Ingredients)
कटहल: 500 ग्राम (छोटे टुकड़ों में कटा हुआ)
प्याज: 3 बड़े (बारीक कटे या पेस्ट)
टमाटर प्यूरी: 1 कप (ताजा टमाटर का पेस्ट)
अदरक-लहसुन पेस्ट: 1 बड़ा चम्मच
दही: 3 चम्मच (फेंटा हुआ)
हल्दी, लाल मिर्च और धनिया पाउडर: 1-1 छोटी चम्मच
गरम मसाला और कसूरी मेथी: 1/2 छोटी चम्मच
खड़े मसाले: 1 तेजपत्ता, 1 बड़ी इलायची, 2 लौंग, 1 इंच दालचीनी
तेल: कटहल फ्राई करने और सब्जी पकाने के लिए
नमक और हरा धनिया: स्वादानुसार व गार्निशिंग के लिए
बनाने का तरीका
कटहल फ्राई करें: कटे हुए कटहल पर थोड़ी सी हल्दी और नमक लगाकर 5 मिनट रखें. फिर एक कढ़ाई में तेल गर्म करके कटहल को हल्का सुनहरा (लाइट गोल्डन) होने तक फ्राई करके निकाल लें. इससे कटहल का कसैलापन दूर होता है.
तड़का लगाएं: उसी तेल में तेजपत्ता, बड़ी इलायची, लौंग और दालचीनी डालें. अब बारीक कटा प्याज डालकर उसे तब तक भूनें जब तक वो गहरा सुनहरा न हो जाए. इसके बाद अदरक-लहसुन का पेस्ट डालकर 1 मिनट भूनें.
मसाले पकाएं: अब आंच धीमी करें और हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर और नमक डालकर मिलाएं. तुरंत टमाटर की प्यूरी डालें और मसाले को तब तक पकाएं जब तक कि वह तेल न छोड़ दे.
दही मिलाएं: मसाले के तेल छोड़ते ही आंच को बिल्कुल धीमा करें (या गैस बंद करें) और फेंटा हुआ दही डालकर लगातार चलाएं ताकि दही फटे नहीं.
कटहल पकाएं: अब फ्राई किया हुआ कटहल मसाले में डालें और 2 मिनट अच्छी तरह मिक्स करें. इसके बाद आवश्यकतानुसार पानी (लगभग 1 से डेढ़ कप) डालें. इस पूरे मिश्रण को प्रेशर कुकर में ट्रांसफर करें और मध्यम आंच पर 2 सीटी आने तक पकाएं. आप चाहें तो इसे कड़ाही में भी पका सकते हैं.
ऐसे परोसें: कुकर का प्रेशर खत्म होने पर ढक्कन खोलें. ऊपर से गरम मसाला, भुनी हुई कसूरी मेथी और बारीक कटा हरा धनिया डालकर मिक्स करें. आपकी गरमा-गरम, लजीज ग्रेवी वाली कटहल की सब्जी तैयार है. इसे तंदूरी रोटी, पराठे या जीरा राइस के साथ लंच में सर्व करें.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क