How To Make Compost From Dry Leaves: घर में पेड़-पौधे लगाने का शौक है तो अक्सर सूखे पत्ते, घास की कटिंग और पेड़ों की छंटाई से निकला कचरा इकट्ठा होता रहता होगा. इस कचरे का आप क्या करते हैं? अगर आपका जवाब है कूड़ेदान में फेंक देते हैं, तो आप अपना नुकसान कर रहे हैं. आमतौर पर लोग इसे कूड़े में फेंक देते हैं, लेकिन यही बगीचे का कचरा आपके पौधों के लिए बेहद काम की खाद बन सकता है. इसके लिए आपको बाजार से महंगी खाद खरीदने की भी जरूरत नहीं पड़ेगी.
सूखे पत्ते, गोबर और थोड़ी सी मिट्टी की मदद से घर पर ही ऐसी ऑर्गेनिक खाद तैयार की जा सकती है, जो देखने में एकदम बाजार जैसी भुरभुरी होती है और पौधों की मिट्टी को उपजाऊ बनाने में मदद करती है. खास बात ये है कि इसमें अलग-अलग तरह का ऑर्गेनिक कचरा इस्तेमाल किया जा सकता है. अगर आपके घर या गार्डन में पत्ते ज्यादा निकलते हैं तो ये तरीका आपके लिए खास तौर पर काम का है.
कूड़े में न फेंकें सूखे पत्ते, खाद बनाने में आएंगे काम
इस खाद को बनाने के लिए सबसे पहले सूखे पत्तों और गार्डन वेस्ट की जरूरत होगी. पेड़ों की छंटाई से निकली छोटी टहनियां, घास की कटिंग और पौधों से निकला सूखा कचरा भी इसमें डाला जा सकता है. यहां तक कि छत या गार्डन में सफाई के दौरान इकट्ठा हुआ ऑर्गेनिक कचरा भी इस्तेमाल किया जा सकता है.
इसके लिए सूखे पत्तों को एक बैग में भरकर कुछ समय धूप में रख दें. इससे वो अच्छी तरह सूख जाएंगे और कंपोस्ट बनाने के लिए तैयार हो जाएंगे. यानी इसके लिए आपको बाहर से पत्ते लाने की जरूरत नहीं है, घर और गार्डन में निकलने वाला कचरा ही काफी है.
दूसरा जरूरी सामान है गोबर
इस कंपोस्ट के लिए दूसरा जरूरी सामान गोबर है. आप चाहें तो ताजा गोबर को कुछ समय सुखाकर इस्तेमाल कर सकते हैं या पहले से रखा हुआ गोबर का खाद भी ले सकते हैं. पुराना और थोड़ा सड़ा हुआ गोबर मिल जाए तो और भी अच्छा है. अगर गोबर में केंचुए मौजूद हैं तो ये कंपोस्टिंग के लिए फायदेमंद हो सकता है. हालांकि केंचुए न हों तब भी इस तरीके से कंपोस्ट तैयार की जा सकती है.
तीसरी चीज है साधारण बगीचे की मिट्टी
इसके लिए किसी खास तरह की मिट्टी खरीदने की जरूरत नहीं है. घर के गमलों या बगीचे में इस्तेमाल होने वाली सामान्य मिट्टी ही ली जा सकती है. यही मिट्टी सूखे पत्तों और गोबर की अलग-अलग परतों के बीच डाली जाएगी.
पुराने मजबूत राशन बैग में बनाएं खाद
अब खाद तैयार करने के लिए एक मजबूत राशन वाला बैग ले सकते हैं. ऐसे बैग में आमतौर पर आटा, चीनी या दूसरी किराने की चीजें आती हैं. बैग में छोटे-छोटे छेद कर दें, ताकि हवा का फ्लो बना रहे. यहां ध्यान रखने वाली बात है कि बैग बहुत पतला न हो. मजबूत और थोड़े मोटे बैग का इस्तेमाल करें, क्योंकि कंपोस्ट तैयार होने में कई महीने लगेंगे.
ऐसे बनाएं खाद की लेयर
अब सबसे पहले बैग के अंदर करीब 1 से 1.5 इंच तक बगीचे की नॉर्मल मिट्टी की लेयर बिछाएं. इसके ऊपर सूखे पत्ते और बाकी गार्डन वेस्ट की एक लेयर डालें. इसके बाद सूखे या पुराने गोबर की एक लेयर डालें. अब इसके ऊपर फिर से थोड़ी मिट्टी छिड़कें. इसके बाद दोबारा सूखे पत्ते, फिर गोबर और फिर मिट्टी की लेयर बनाते जाएं.
हर तरह का पत्ता और गार्डन वेस्ट कर सकते हैं इस्तेमाल
इस तरीके की खासियत यही है कि इसमें आपको हर पत्ता अलग करके रखने की जरूरत नहीं है. पेड़ों से गिरे सूखे पत्ते हों, घास की कटिंग हो या छंटाई से निकला ऑर्गेनिक कचरा, इन्हें कंपोस्ट में इस्तेमाल किया जा सकता है. अगर आपके घर में बड़ा गार्डन है और हर मौसम में ढेर सारे पत्ते निकलते हैं, तो उन्हें फेंकने के बजाय इसी तरह इकट्ठा करके रखें. धीरे-धीरे यही कचरा आपके लिए खाद में बदल जाएगा.
खाद जल्दी तैयार करने के लिए बनाएं घर का डिकंपोजर
अगर आप चाहते हैं कि ये खाद जल्दी तैयार हो, तो घर पर ही एक आसान डिकंपोजर तैयार कर सकते हैं. इसके लिए एक बाल्टी पानी लें और उसमें करीब 200 ग्राम गुड़ डालकर अच्छी तरह घोलें. इस घोल को करीब 24 घंटे के लिए छोड़ दें. अगले दिन इसमें कुछ दिन पुरानी खट्टी लस्सी मिला दें और अच्छी तरह मिक्स कर लें.
गुड़ और लस्सी से तैयार ये मिश्रण कंपोस्ट में मौजूद माइक्रोब्स के लिए खाने का काम करता है. ये माइक्रोब्स ऑर्गेनिक कचरे को तेजी से गलाने और कंपोस्ट में बदलने की प्रोसेस में मदद करते हैं.
बैग को भरने के बाद ऊपर से मिट्टी से ढक दें
जब बैग में सारी परतें डाल दें तो ऊपर से करीब 2 इंच तक मिट्टी की मोटी परत डालें. इसके बाद बैग को अच्छी तरह बंद कर दें. बैग को ऐसी जगह रखें जहां सीधी धूप न पड़े. खाद तैयार करने के दौरान नमी का ध्यान रखना सबसे जरूरी है. बैग को हर 8 से 10 दिन में खोलकर चेक करें कि अंदर की सामग्री बहुत ज्यादा सूखी तो नहीं हो गई. अगर नमी कम लगे तो थोड़ी मात्रा में पानी दिया जा सकता है. इसके लिए चावल या दाल धोने का पानी भी इस्तेमाल किया जा सकता है.
कितने समय में तैयार होगी खाद?
इस तरीके से खाद तैयार होने में आमतौर पर करीब 4 महीने लग सकते हैं. गर्म मौसम में ये प्रोसेस करीब 3 महीने में भी पूरी हो सकती है. हालांकि जल्दबाजी करने के बजाय कंपोस्ट को अच्छी तरह गलने और तैयार होने का समय देना बेहतर है. जब बैग के अंदर पत्ते और गोबर पूरी तरह टूटकर एकदम भुरभुरे, गहरे रंग की मिट्टी जैसे दिखने लगें, तो समझिए आपकी खाद तैयार है.
तैयार खाद में सीधे लगा सकते हैं पौधे
इस खाद की खास बात ये है कि इसमें मिट्टी, सूखे पत्ते और गोबर जैसी ऑर्गेनिक चीजें पहले से मौजूद होती हैं. अच्छी तरह तैयार कंपोस्ट को पौधों की मिट्टी में मिलाया जा सकता है. अगर खाद में मिट्टी की मात्रा कम है तो इसमें करीब 25 फीसदी नॉर्मल मिट्टी मिलाकर इस्तेमाल किया जा सकता है. वहीं अगर खाद में पहले से पर्याप्त मिट्टी मौजूद है और वो अच्छी तरह तैयार हो चुकी है, तो उसे पौधों के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क