जब भी घर में कुछ मीठा बनाने का मन होता है तो अक्सर हम सूजी का हलवा ही बना लेते हैं. लेकिन मूंग दाल का हलवा बनाने के बारे में सोचते भी नहीं है क्योंकि हर किसी को लगता है इसे बनाना बेहद कठिन है. दाल को घंटों भिगोना, पीसना और कड़ाही में लगातार भूनना काफी मेहनत भरा काम लगता है. लेकिन आज हम आपको ऐसी आसान ट्रिक बताएंगे जिससे आप घर पर ही मूंग दाल का टेस्टी हलवा बना लेंगे.
सामग्री:
धुली मूंग दाल – 1 कप
देसी घी – 1 कप (बराबर मात्रा)
दूध – 1 कप (फुल क्रीम)
पानी – 1 कप
चीनी – 1 कप
बेसन – 1 बड़ी चम्मच (हलवाई जैसा टेक्सचर और रंग देने के लिए)
सूजी – 1 बड़ी चम्मच (अतिरिक्त दानेदारपन के लिए)
इलायची पाउडर – ½ छोटा चम्मच
केसर के धागे – 8-10 (दूध में भीगे हुए)
कटे हुए ड्राई फ्रूट्स (काजू, बादाम, पिस्ता) – 2 बड़ी चम्मच
बनाने की विधि:
मूंग दाल को साफ पानी से 2-3 बार धो लें और 3 से 4 घंटे के लिए पानी में भिगो दें. भीगने के बाद एक्स्ट्रा पानी निकाल दें और दाल को मिक्सी में बिना पानी डाले या जरूरत के अनुसार बहुत कम पानी डालकर दरदरा पीस लें.
भारी तले की कढ़ाई में आधा कप घी गरम करें. इसमें सूजी डालकर एक मिनट भूनें. अब पिसी हुई दाल डालें और धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए भूनें.
दाल को तब तक भूनें जब तक उसका रंग सुनहरा न हो जाए और वो घी न छोड़ने लगे. इसमें करीब 20-25 मिनट का समय लगता है.
अब इसमें गुनगुना दूध (या पानी) थोड़ा-थोड़ा करके डालें ताकि गुठलियां न पड़ें. जब दाल सारा दूध सोख ले, तब इसमें चीनी और बचा हुआ घी डालें.
अब इसे धीमी आंच पर तब तक पकाएं जब तक मिश्रण हलवे की तरह गाढ़ा न हो जाए और किनारों से घी अलग होने लगे. ऊपर से फ्राई किए हुए ड्राई फ्रूट्स मिलाएं. आपका गरमा-गरम, दानेदार और मखमली मूंग दाल का हलवा तैयार है.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क