How to Make Kuttu Gulgule: व्रत या उपवास के दौरान अक्सर शाम के समय या खाने के बाद कुछ मीठा और स्वादिष्ट खाने की क्रेविंग होने लगती है. ऐसे में बाजार की मिठाइयों या चीनी से बने भारी पकवानों के बजाय आप घर पर ही झटपट एक हेल्दी और ट्रेडिशनल फलाहारी स्वीट डिश तैयार कर सकते हैं.
केवल 1 कप कुट्टू के आटे और गुड़ की मिठास से आप मिनटों में बाहर से हल्के कुरकुरे और अंदर से रुई जैसे फूले-फूले कुट्टू के गुलगुले बना सकते हैं. गुड़ और कुट्टू का यह कॉम्बिनेशन न केवल स्वाद में लाजवाब होता है, बल्कि व्रत में शरीर को तुरंत एनर्जी भी देता है. आइए जानते हैं इसे बनाने की सामग्री और सबसे आसान तरीका.
सामग्री
कुट्टू का आटा - 1 कप
गुड़ (कद्दूकस किया हुआ) - 3/4 कप
सौंफ (कुटी हुई) - 1/2 छोटा चम्मच
इलायची पाउडर - 1/4 छोटा चम्मच
कद्दूकस किया सूखा नारियल - 1 चम्मच
पानी - 1/2 कप (गुड़ का घोल बनाने के लिए)
मूंगफली का तेल या देसी घी - तलने के लिए
बनाने का तरीका
सबसे पहले 1/2 कप गुनगुने पानी में कद्दूकस किया गुड़ डालकर अच्छे से मिला लें ताकि गुड़ पूरी तरह पिघल जाए. फिर इसे छलनी से छान लें ताकि गुड़ की सारी गंदगी निकल जाए.
एक बाउल में कुट्टू का आटा निकालें. इसमें कुटी हुई सौंफ, इलायची पाउडर और कद्दूकस किया नारियल डालकर अच्छे से मिक्स करें.
अब आटे में थोड़ा-थोड़ा करके गुड़ का पानी डालते जाएं और हाथों या व्हिस्कर से फेंटते हुए गाढ़ा घोल तैयार करें. घोल न ज्यादा पतला हो और न बहुत सख्त.
इस घोल को 2-3 मिनट तक एक ही दिशा में अच्छे से फेंटें. अच्छे से फेंटने से बैटर में हवा भरती है जिससे गुलगुले बिना सोडा डाले भी फूले-फूले और सॉफ्ट बनते हैं.
बैटर को ढक्कर 10 मिनट के लिए रख दें ताकि कुट्टू का आटा अच्छे से सेट हो जाए.
कड़ाही में देसी घी या मूंगफली का तेल गरम करें. हाथ में थोड़ा सा पानी लगाएं और बैटर से छोटे-छोटे बॉल्स (पकौड़े के आकार में) गरम तेल में डालते जाएं.
आंच को मध्यम रखें और गुलगुलों को पलट-पलटकर चारों तरफ से सुनहरा और क्रिस्पी होने तक तलें.
तैयार फूले-फूले फलाहारी गुलगुलों को टिश्यू पेपर पर निकालें और गरमा-गरम परोसें.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क