करवाचौथ के दिन सरगी का विशेष महत्व होता है, और व्रत की शुरुआत करने से पहले खाई जाने वाली चीजें न सिर्फ ऊर्जा देती हैं बल्कि दिनभर के लिए ताजगी भी बनाए रखती हैं. बाजार में मिलने वाली तली-भुनी और मिलावटी मट्ठियों से सेहत बिगड़ने का डर रहता है, ऐसे में इस करवाचौथ क्यों न घर पर ही शुद्ध देसी घी और गुड़ से बनी खस्ता मट्ठी तैयार की जाए. यह खाने में जितनी स्वादिष्ट और कुरकुरी होती है, सेहत के लिए उतनी ही फायदेमंद भी है. आइए जानते हैं इसे घर पर आसानी से बनाने की बेहद आसान विधि.
मट्ठी बनाने के लिए सामग्री
मैदा या गेहूं का आटा: 2 कप (आप चाहें तो आधा मैदा और आधा आटा मिला सकती हैं)
गुड़ का पाउडर या कद्दूकस किया हुआ गुड़: ¾ कप
देसी घी (मोयन और तलने के लिए): 4-5 बड़े चम्मच
सौंफ: 1 छोटा चम्मच (बढ़िया खुशबू और स्वाद के लिए)
सफेद तिल: 1 छोटा चम्मच (ऑप्शनल)
पानी: ½ कप (गुड़ घुलने के लिए)
नमक: एक चुटकी (मिठास को बैलेंस करने के लिए)
तेल या घी: मट्ठी तलने के लिए
मट्ठी बनाने का तरीका
गुड़ का घोल तैयार करें: सबसे पहले एक बर्तन में ½ कप गुनगुना पानी लें और उसमें गुड़ का पाउडर डालकर अच्छी तरह घुलने तक मिला लें. जब गुड़ पूरी तरह घुल जाए, तो इसे साइड में रख दें.
आटा और मोयन मिलाएं: एक बड़े बर्तन में आटा (या मैदा), सौंफ, तिल और एक चुटकी नमक डालें. अब इसमें 3-4 बड़े चम्मच पिघला हुआ देसी घी डालकर हाथों से अच्छी तरह मिलाएं (मोयन लगाएं). मुट्ठी बांधने पर आटा बंधना चाहिए, इससे मट्ठी खस्ता बनेगी.
कड़क आटा गूंधें: अब तैयार किए गए गुड़ के पानी (छानकर) की मदद से आटे को सख्त (कड़क) गूंध लें. ध्यान रखें कि पूरी की तरह मुलायम आटा न गूंथें, वरना मट्ठी खस्ता नहीं बनेगी. इसे 15 मिनट के लिए ढककर सेट होने के लिए रख दें.
लोइयां और मट्ठी बनाएं: आटे की छोटी-छोटी लोइयां तोड़ लें. हथेली से हल्का चपटा करें या बेलन से थोड़ा मोटा बेल लें. कांटे (Fork) की मदद से मट्ठी में छेद कर दें ताकि तलते वक्त वे फूले नहीं और अंदर तक क्रिस्पी बनें.
धीमी आंच पर तलें: एक कढ़ाई में घी या तेल गर्म करें. तेल को मध्यम गर्म होना चाहिए. अब इसमें मट्ठियों को डालकर धीमी से मध्यम आंच पर सुनहरा और क्रिस्पी होने तक तल लें.
ठंडा कर स्टोर करें: जब मट्ठियां दोनों तरफ से सुनहरी और खस्ता हो जाएं, तो इन्हें बाहर निकाल लें. पूरी तरह ठंडी होने के बाद इन्हें एयर टाइट डिब्बे में भरकर करवाचौथ की सरगी या स्नैक्स के रूप में आनंद लें.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क