Old Pillow Softening Tips: नया तकिया खरीदते समय जितना सॉफ्ट और फूला-फूला लगता है, कुछ महीनों के इस्तेमाल के बाद उतना ही दबा हुआ और सख्त हो जाता है. रोज सिर रखने से तकिए के अंदर की रुई या फाइबर दबकर एक जगह जमा होने लगता है. कई बार नमी की वजह से भी तकिया भारी और सख्त महसूस होने लगता है. ऐसे में उसे इस्तेमाल करने का बिल्कुल मन नहीं करता और लोग उसे बदलकर नया तकिया खरीदने का प्लान बना लेते हैं. अगर आपको भी लगता है कि पुराने और सख्त हो चुके तकिए को बदलने के अलावा कोई रास्ता नहीं है, तो आप गलत है.
घर में रखी कुछ आसान चीजों और थोड़ी मेहनत की मदद से आप अपने दबे हुए तकिए को दोबारा फूला-फूला और आरामदायक बना सकते हैं. तो अगली बार तकिया पत्थर जैसा सख्त लगे, उसे बाहर फेंकने से पहले ये तरीके जरूर आजमाएं. चलिए जानते हैं वो ट्रिक्स कौन सी हैं.
आखिर तकिया क्यों हो जाता है सख्त?
तकिए के अंदर भरी रुई या फाइबर लगातार दबने की वजह से अपनी फ्लफी शेप खोने लगता है. धीरे-धीरे उसमें गांठें बनने लगती हैं और ये एक जगह इकट्ठा हो जाता है. नमी भी इसकी सॉफ्टनेस कम कर सकती है. यही वजह है कि पुराना तकिया पहले जैसा आरामदायक नहीं लगता.
1. तकिए की रुई को निकालकर अच्छी तरह फैलाएं: अगर तकिया बहुत ज्यादा दब गया है, तो उसकी सिलाई हल्की-सी खोलकर अंदर की रुई या फोम निकालें. इसे हाथों से अच्छी तरह झटककर फैलाएं. कुछ देर धूप में रखने के बाद इसे दोबारा तकिए में भर दें और सिलाई कर दें. इससे अंदर की फिलिंग फिर से फैल सकता है.
2. पुरानी रुई के साथ थोड़ी नई रुई मिलाएं: अगर तकिए की रुई काफी ज्यादा दब चुकी है, तो सिर्फ उसे फैलाने से बात नहीं बनेगी. ऐसी कंडीशन में पुरानी रुई के साथ थोड़ी नई रुई मिलाई जा सकती है. पुरानी रुई को बीच में रखें और उसके चारों तरफ नई रुई भरें. इससे तकिया पहले से ज्यादा मोटा और फूला हुआ हो सकता है.
3. रुई में बन गई हैं गांठें तो ये तरीका अपनाएं: अगर रुई जगह-जगह गांठ बनाकर बैठ गई है, तो उसे निकालकर अलग करें. रुई को करीब 10 मिनट पानी में भिगोकर फिर अच्छी तरह निचोड़ें और पूरी तरह धूप में सुखाएं. सूखने के बाद रुई को दोबारा फैलाकर तकिए में भरें.
4. नमी है तो धूप में सुखाएं: कई बार तकिया गंदगी से नहीं बल्कि नमी की वजह से भारी और सख्त महसूस होता है. ऐसे में तकिए को 2-3 घंटे अच्छी धूप दिखाएं. इससे उसमें मौजूद नमी निकलने में मदद मिल सकती है और तकिया फिर से हल्का महसूस हो सकता है.
5. कंघी से सुलझाएं तकिए की रुई: ये तरीका थोड़ा अलग है, लेकिन काम का हो सकता है. तकिए की रुई को बाहर निकालकर दो कंघियों के बीच हल्के हाथ से सुलझाएं. इससे रुई में बने छोटे-छोटे गुच्छे अलग होकर फैलने लगते हैं. इसके बाद इसे दोबारा तकिए में भर दें.
6. टेनिस बॉल के साथ ड्रायर में करें फ्लफ: अगर आपके पास ड्रायर है, तो तकिए को लो हीट पर करीब 20-30 मिनट चला सकते हैं. साथ में 1-2 टेनिस बॉल या मोजे में बंधी गेंद डालें. गेंदों की हलचल तकिए के अंदर भरे फाइबर को अलग-अलग फैलाने में मदद करती है, जिससे तकिया फिर से फूला हुआ लग सकता है.
7. बिना कुछ खर्च किए हाथों से करें फ्लफ: अगर आपके पास कोई खास सामान नहीं है, तो भी तकिया ठीक किया जा सकता है. उसे गोद में रखकर चारों तरफ से हल्के हाथों से दबाएं, थपथपाएं और फुलाएं. इससे अंदर का दबी हुई फिलिंग फैलने में मदद मिल सकती है.
8. अकॉर्डियन ट्रिक से भरें तकिए में हवा: तकिए के दोनों छोटे सिरों को हाथ से पकड़ें और उसे तेजी से अंदर-बाहर दबाएं. बिल्कुल अकॉर्डियन की तरह इस प्रोसेस को कुछ देर रिपीट करें. इससे तकिए के अंदर हवा जाएगी और उसका भराव थोड़ा फैल सकता है.
तकिया फेंकने से पहले जरूर आजमाएं ये ट्रिक्स
अगर तकिया सिर्फ दबने, गांठ बनने या नमी की वजह से सख्त हुआ है, तो उसे तुरंत बदलने की जरूरत नहीं. पहले उसकी रुई या फाइबर को अच्छी तरह फैलाने, धूप दिखाने और फ्लफ करने की कोशिश करें. हालांकि अगर तकिए में फफूंदी, लगातार बदबू, दाग या भराव खराब हो चुका है, तो उसे बदलना ज्यादा बेहतर रहेगा.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क