Besan Paratha: सर्दियों की आहट हो चुकी है. ऐसे में सुबह के नाश्ते में कुछ गरमा-गरम और टेस्टी खाने का मन करता है. गुलाबी ठंड में पराठे भी बहुत अच्छे लगते हैं लेकिन हर बार आलू के पराठे क्यों, इस बार कुछ नया ट्राई कीजिए. बेसन-मेथी के खस्ता पराठे न सिर्फ खाने में बेहद स्वादिष्ट होते हैं, बल्कि यह शरीर को गर्माहट और भरपूर ऊर्जा भी देते हैं. चटपटी सूखी आलू या गोभी की सब्जी के साथ इनका स्वाद और भी ज्यादा बढ़ जाता है. आइए जानते हैं इसे बनाने की आसान विधि और वो सीक्रेट ट्रिक जिससे पराठे एकदम खस्ता और परतदार बनेंगे.
आवश्यक सामग्री:
ताजी मेथी के पत्ते: 1 कप (बारीक कटे हुए)
बेसन: 1 कप
गेहूं का आटा: 1.5 कप
अजवाइन: आधा छोटी चम्मच
हींग: 2 चुटकी
हरी मिर्च और अदरक का पेस्ट: 1 चम्मच
हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर और गरम मसाला: स्वादानुसार
नमक: स्वादानुसार
मोयन और सेकने के लिए: घी या तेल
खस्ता और परतदार बनाने की सीक्रेट ट्रिक:
बेसन की तासीर थोड़ी सूखी होती है, इसलिए आटे में 2 चम्मच गरम घी या तेल का मोयन जरूर डालें. इससे पराठे अंदर से सॉफ्ट और बाहर से एकदम कुरकुरे बनते हैं.
कटे हुए मेथी के पत्तों को आटे में मिलाने से पहले थोड़ा सा नमक लगाकर 5 मिनट रख दें और फिर उसका अतिरिक्त पानी निचोड़ लें, इससे पराठे बेलते समय फटते नहीं हैं.
बनाने की विधि:
मेथी तैयार करें: कटे हुए मेथी के पत्तों को अच्छी तरह धोकर बारीक काट लें.
आता और बेसन गूंथें: एक बड़े बर्तन में गेहूं का आटा और बेसन छान लें. अब इसमें कटी हुई मेथी, अजवाइन, हींग, अदरक-हरी मिर्च का पेस्ट, सभी सूखे मसाले, नमक और 2 चम्मच गरम घी डालकर अच्छी तरह मिला लें.
डो तैयार करें: अब आवश्यकतानुसार गुनगुना पानी डालते हुए न ज्यादा सख्त और न ज्यादा नरम (यानी पूरी से थोड़ा नरम) आटा गूंथ लें. आटे को 10 मिनट के लिए ढककर सेट होने दें.
लोइयां और पराठे बेलें: आटे से मध्यम आकार की लोइयां तोड़ लें. अब इसे सूखा आटा लगाकर गोल, तिकोना या अपनी पसंद के आकार में बेल लें (परतदार बनाने के लिए बीच में थोड़ा घी लगाकर फोल्ड कर सकती हैं).
सेकें: तवा गरम करें और बेले हुए पराठे को उसपर डालें. दोनों तरफ से सुनहरा और क्रिस्पी होने तक घी या तेल लगाकर मध्यम आंच पर अच्छी तरह सेक लें.
गरमा-गरम खस्ता बेसन-मेथी पराठे को चटपटी सूखी आलू की सब्जी, दही या अचार के साथ परोसें.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क