सावन में हर बार धतूरा खरीदने की नहीं पड़ेगी जरूरत! पुरानी बाल्टी या गमले में आसानी से उगाएं भगवान शिव का प्रिय पौधा

How To Grow Datura: सावन में भगवान शिव की पूजा के लिए महंगे और सूखे धतूरे खरीदने के बजाय, इसे घर की बालकनी या छत पर ही गमले या पुरानी बाल्टी में आसानी से उगाएं. आज हम आपको बताएंगे धतूरा उगाने के लिए किस तरह की मिट्टी, कितने पानी की जरूरत पड़ेगी.

Advertisement
धतूरा उगाने के लिए आप किसी धतूरे के फल से बीज निकलाकर मिट्टी में लगा सकते हैं. (Photo: ITG) धतूरा उगाने के लिए आप किसी धतूरे के फल से बीज निकलाकर मिट्टी में लगा सकते हैं. (Photo: ITG)

आजतक लाइफस्टाइल डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 01 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 10:28 PM IST

How To Grow Datura: सावन का पावन महीना आज यानी 30 जुलाई 2026 से शुरू हो गया है. सावन आते ही शिवालयों में शिवभक्तों की लंबी-लंबी लाइन लग जाती है. सभी भगवान शिव को दूध, जल, बेलपत्र और फल चढ़ाते हैं. इसके साथ-साथ भगवान शिव की पूजा में एक चीज का और इस्तेमाल किया जाता है और वो है धतूरा. धतूरा भगवान शिव को बहुत प्रिय है. ऐसे में सावन में धतूरे की मांग अचानक बढ़ जाती है. मंदिरों के बाहर एक धतूरा भी 10-15 रुपये तक में बिकने लगता है. इसके बाद भी वो हरा और ताजा होगा इसकी कोई गारंटी नहीं दी जा सकती है. कई बार सूखे धतूरे भी मंदिरों के बाहर खूब महंगे बेचे जाते हैं.

अगर आप भी हर बार धतूरा खरीदते हैं, तो अब ऐसा करने की जरूरत नहीं है. थोड़ी-सी मेहनत और सही तरीके से आप अपने घर की बालकनी, छत या आंगन में गमले या पुरानी बाल्टी में ही धतूरे का पौधा आसानी से उगा सकते हैं. एक बार पौधा तैयार हो जाए, तो लंबे समय तक पूजा के लिए ताजा धतूरा आपको आसानी से मिलता रहेगा.

गमले मेंं कैसे उगाएं धतूरे का पौधा? 
धतूरा उगाने का सबसे आसान तरीका बीज हैं. किसी पके हुए धतूरे के फल से बीज निकाल लें. इन्हें पहले किसी छोटे गमले या ट्रे में बो दें. थोड़ा सा पानी डालें. कुछ दिनों मे बीज अंकुरित हो जाएगा और उसमें से पत्तियां निकलने लगेंगी. जब पौधा थोड़ा बड़ा हो जाए और उसमें कुछ पत्तियां निकल आएं, तब उसे बड़े गमले या बाल्टी में शिफ्ट कर दें. इससे पौधे की जड़ें अच्छी तरह फैल पाती हैं और ग्रोथ भी तेज होती है. अगर आप पौधे में छोटे गमले में ही रखे रखेंगे तो उसकी ग्रोथ अच्छी नहीं होगी.

Advertisement

बड़ा गमला चुनेंगे, तो पौधा होगा ज्यादा मजबूत
धतूरा एक ऐसा पौधा है, जिसकी जड़ें काफी मजबूत होती हैं. इसलिए ये छोटे गमले में अच्छे से बढ़ नहीं पाता है. ऐसे में अच्छा होता है कि या तो आप बड़ा गलमा खरीद लें और अगर आप बाजार से गलमा खरीदना नहीं चाहते हैं, तो घर में रखी किसी पुरानी बाल्टी में इसे उगा लें. 20 लीटर की पुरानी पेंट की बाल्टी, बड़ा प्लास्टिक पॉट या मिट्टी का बड़ा गमला इस्तेमाल धतूरे के पौधे को उगाने के लिए किया जा सकता है. इसे जितनी ज्यादा जगह मिलेगी, पौधा उतना ही अच्छी तरह बढ़ेगा.

मिट्टी ऐसी रखें कि पानी न रुके
धतूरे के पौधा ऐसी मिट्टी फलता-फूलता है, जिसमें पानी जमा न हो. इसलिए गमले की मिट्टी की बीच-बीच में हल्की-हल्की गुड़ाई करते रहें. इससे मिट्टी सॉफ्ट रहती है, हवा जड़ों तक पहुंचती है और पौधा तेजी से बढ़ता है.

Advertisement

इस छोटी-सी ट्रिक से आएंगे ज्यादा फूल
अगर चाहते हैं कि धतूरे का पौधा घना हो और उसमें ज्यादा फूल-फल आएं, तो एक आसान ट्रिक अपना सकते हैं. जब पौधा थोड़ा बड़ा हो जाए, तो उसकी सबसे ऊपर की नई कोपल (कोमल नई पत्तियों) को उंगलियों से हल्का-सा तोड़ दें. इसे पिंचिंग कहते हैं. इससे पौधे में नई शाखाएं निकलती हैं और जितनी ज्यादा शाखाएं होंगी, उतने ही ज्यादा फूल खिलेंगे.

धूप और पानी का रखें सही ध्यान
धतूरे के पौधे को रोजाना कम से कम 5 से 6 घंटे की धूप मिलनी जरूरी है. इसे रोजाना पानी देने के बजाय इसमें तभी पानी डालें जब मिट्टी हल्की सूखी लगे. ध्यान रखें कि गमले में पानी जमा न हो, क्योंकि इससे जड़ें खराब हो सकती हैं.

सूखी पत्तियां हटाते रहें
पौधे की सूखी पत्तियां, टहनियां और मुरझाए फूल समय-समय पर काटते रहें. इससे पौधे की ताकत नई शाखाएं और कलियां बनाने में लगती है. रोजाना देखभाल करने पर धतूरा लंबे समय तक हरा-भरा रहता है और पूजा के लिए ताजे फूल व फल देता रहता है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »