लोग फ्रिज की सफाई करते समय आमतौर पर अंदर की शेल्फ, दराज और बाहर से दरवाजों को बहुत अच्छे से साफ करते हैं. ज्यादातर लोगों का ध्यान फ्रिज की इन्हीं सभी चीजों की सफाई पर जाता है और इनकी सफाई वो लोग कर लेते हैं, लेकिन दरवाजे पर लगी रबर सील की सफाई अक्सर नजरअंदाज कर देते हैं. फ्रिज से दरवाजे पर लगी सील फ्रिज का वो हिस्सा है, जिसे साफ करना ज्यादातर लोग भूल ही जाते हैं.
यही वजह है कि कुछ समय बाद इस सील के कोनों और खांचों में काली फफूंद, गंदगी और बदबू जमने लगती है. अगर आपके फ्रिज की रबर सील भी गंदी हो गई है और आप इसे साफ करने के लिए कोई महंगा क्लीनर खरीदना सोच रहे हैं, तो रुक जाएं. आपको जानकर हैरानी होगी कि इसे साफ करने के लिए महंगे क्लीनर की जरूरत नहीं है. घर में मौजूद कुछ चीजों की मदद से आप इसे आसानी से साफ कर सकते हैं. चलिए जानते हैं वो कौन सी चीजें हैं, जिनकी मदद से आप आसानी से फ्रिज की रबर सील पर लगी फफूंदी और गंदगी को साफ कर सकते हैं.
फ्रिज की रबर सील पर फफूंद क्यों जमती है?
फ्रिज के दरवाजे में लगी रबर सील में कई छोटे-छोटे गैप और खांचे होते हैं. इनमें समय के साथ पानी, नमी, दूध, जूस या खाने के छोटे-छोटे कण फंस जाते हैं. इन जगहों को साफ करना थोड़ा मुश्किल होता है, इसलिए धीरे-धीरे यहां गंदगी जमा होने लगती है और फफूंद भी लग जाती है. फ्रिज को बार-बार खोलने और बंद करने से भी बाहर की गर्म हवा अंदर आती है. इससे रबर सील पर नमी बनी रहती है और फफूंद बढ़ने लगती है.
गंदी रबर सील से हो सकता है नुकसान
फफूंद और गंदगी की मोटी परत जमने से रबर सील अपनी पकड़ और लचीलापन भी खो सकती है. ऐसे में फ्रिज का दरवाजा ठीक से बंद नहीं होता और ठंडी हवा बाहर निकलने लगती है. इसका असर फ्रिज की कूलिंग पर पड़ सकता है और उसे ठंडा रखने के लिए ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है. इसकी वजह से बिजली की खपत बढ़ सकती है और साथ ही, टेंपरेचर सही न रहने पर फ्रिज में रखा खाना भी जल्दी खराब हो सकता है.
1. नमक, बेकिंग सोडा और सिरके से करें सफाई: फ्रिज की रबर सील से फफूंद और गंदगी हटाने के लिए एक कटोरी में थोड़ा नमक लें. इसमें थोड़ा सा बेकिंग सोडा मिलाएं. अब इसमें थोड़ा सिरका डालकर एक पेस्ट तैयार कर लें. इसके बाद एक साफ कपड़े को इस पेस्ट में डुबोकर अच्छी तरह निचोड़ लें. ध्यान रखें कि कपड़ा बहुत ज्यादा गीला न हो. अब इसे रबर सील पर लगाकर गंदगी साफ करें.
सील के छोटे और गहरे हिस्सों की सफाई के लिए किसी पतली चीज का इस्तेमाल कर सकते हैं. इन जगहों पर चॉपस्टिक या किसी पतली डंडी के चारों तरफ कपड़ा लपेट लें. अब इसे धीरे-धीरे रबर की सील के गैप में चलाएं. इससे अंदर छिपी गंदगी और फफूंद भी बाहर निकलने में मदद मिलेगी.
2 रबिंग अल्कोहल से साफ करें रबर: अगर रबर सील के अंदर गंदगी काफी गहराई तक जमा है, तो रबिंग अल्कोहल इसकी सफाई में आपकी मदद कर सकता है. किसी मुलायम कपड़े या जालीदार पैड पर थोड़ी मात्रा में अल्कोहल लगाएं और फिर एक्स्ट्रा लिक्विड निचोड़ दें. अब इसे किसी हार्ड प्लास्टिक कार्ड के चारों ओर लपेटें. इसे धीरे-धीरे रबर सील के छोटे गैप में चलाएं. इससे उन जगहों की गंदगी साफ करने में मदद मिल सकती है जहां हाथ या नॉर्मल कपड़ा आसानी से नहीं पहुंचता.
साफ करने के बाद सील को अच्छी तरह सूखे कपड़े से पोंछ दें.
3. टूथपेस्ट से भी चमक सकती है फ्रिज की सील: रबर गैस्केट की सफाई के लिए टूथपेस्ट और पुराने टूथब्रश का इस्तेमाल भी किया जा सकता है. सबसे पहले रबर सील पर थोड़ा सा टूथपेस्ट लगाएं और इसे 2-3 मिनट के लिए छोड़ दें. इसके बाद पुराने टूथब्रश को हल्का गीला करके सील के खांचों और गंदी जगहों पर धीरे-धीरे ब्रश करें.
ब्रश करने के बाद एक गीले कपड़े से टूथपेस्ट और छूटी गंदगी को अच्छी तरह साफ कर लें. आखिर में सूखे कपड़े से पूरी रबर सील को पोंछें, ताकि वो जरा भी गीली ना रहे.
सफाई के बाद सील को सुखाना न भूलें
फ्रिज की रबर सील को साफ करना जितना जरूरी है उतना ही जरूरी उसे सुखाना भी है. अगर रबर सील के खांचों में पानी या नमी रह गई, तो कुछ समय बाद फिर से फफूंद जम सकती है. इसलिए सफाई के बाद सूखे कपड़े से सील के हर कोने और गैप को अच्छी तरह पोंछ दें.
नियमित सफाई से नहीं जमेगी फफूंद
फ्रिज की रबर सील को लंबे समय तक गंदा न छोड़ें. समय-समय पर इसे गीले कपड़े से साफ करें और बाद में अच्छी तरह सुखा दें. साथ ही, अगर किसी खाने या पेय पदार्थ का रिसाव हो जाए, तो उसे तुरंत साफ कर दें. इससे गंदगी, बदबू और फफूंद जमने की समस्या को काफी हद तक रोका जा सकता है.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क