आजकल किसी का हाल पूछना हो, अपनी बात बतानी हो या किसी से नाराजगी जतानी हो, तो जेन जी के लिए चैट करना सबसे आसान तरीका बन गया है. फ्रेंड्स से लेकर फैमिली तक, हर किसी से बातचीत के लिए फोन का इस्तेमाल होता है. लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि चैट पर ‘मैं ठीक हूं’ लिखने वाला व्यक्ति सच में ठीक भी है या नहीं?
कई बार लोग अपने मन की बात खुलकर नहीं बता पाते. ऐसे में वे छोटे-छोटे मैसेज, इमोजी और कुछ स्पेशल शब्दों के जरिए अपनी बात कहने की कोशिश करते हैं. जेन जी की चैट की भाषा को समझकर आप उनकी फीलिंग्स को बेहतर तरीके से समझ सकते हैं.
1. ‘मैं ठीक हूं’ का मतलब हमेशा ठीक होना नहीं
जब कोई पूछता है कि तुम कैसे हो और जवाब मिलता है ‘मैं ठीक हूं’, तो जरूरी नहीं कि सब कुछ अच्छा ही चल रहा हो. कई बार सामने वाला परेशान होता है, लेकिन अपनी परेशानी बताने का उसका मन नहीं करता. उसे लगता है कि सामने वाला उसकी बात नहीं समझेगा या वो किसी को परेशान नहीं करना चाहता. ऐसे में सिर्फ जवाब पढ़कर बात खत्म करने के बजाय आप प्यार से पूछ सकते हैं कि क्या सच में सब ठीक है.
2. छोटे जवाब भी कुछ बता सकते हैं
अगर कोई पहले लंबे मैसेज करता था, लेकिन अब सिर्फ ‘हां’, ‘ठीक’, ‘हम्म’ या ‘ओके’ लिखकर जवाब देता है, तो आपको फर्क महसूस हो सकता है. हो सकता है कि वो व्यस्त हो, थका हुआ हो या उस टाइम बात करने का मन न हो. हालांकि, हर छोटे जवाब का मतलब नाराजगी या उदासी नहीं होता. किसी के बिहेवियर में लगातार बदलाव दिखे, तभी इस पर ध्यान देना ठीक रहेगा.
यह भी पढ़ें: "What is Ick: ‘इक’ क्या होता है, अचानक किसी में इंटरेस्ट कैसे खो देती है Gen Z?
3. इमोजी के पीछे भी हो सकती है फीलिंग
कई बार लोग अपनी बात सीधे कहने के बजाय इमोजी का सपोर्ट लेते हैं. हंसने वाला इमोजी हमेशा खुशी नहीं दिखाता और हंसकर बात टालना भी कभी-कभी अपनी परेशानी छिपाने का तरीका हो सकता है. लेकिन इमोजी का मतलब हर व्यक्ति के लिए अलग हो सकता है. इसलिए बिना पूछे किसी की फीलिंग का अंदाजा लगाना सही नहीं है.
4. ‘कोई बात नहीं’ कहने पर भी पूछें
कभी-कभी जेन जी अपनी परेशानी बताने के बाद कहते हैं, ‘छोड़ो, कोई बात नहीं.’ इसका मतलब ये हो सकता है कि वे उस टाइम बात नहीं करना चाहते या उन्हें समझ नहीं आ रहा कि अपनी बात कैसे कहें.
ऐसे में उन पर सवालों की बौछार करने के बजाय उन्हें थोड़ा वक्त देना चाहिए. उन्हें भरोसा दिलाएं कि जब भी वे बात करना चाहें, आप सुनने के लिए मौजूद हैं.
चैट से ज्यादा जरूरी है सामने वाले को समझना
जेन जी की चैट की भाषा समझना जरूरी है, लेकिन हर मैसेज का मतलब निकालना भी सही नहीं है. किसी की असली फीलिंग्स सिर्फ वर्ड्स से नहीं समझी जा सकतीं. कई बार सामने बैठकर बात करना ज्यादा हेल्पफुल होता है.
aajtak.in