Seeds For Hair Growth: बालों के झड़ने और टूटने से हो गए हैं परेशान? डाइट में शामिल कर लें ये 5 बीज, तेजी से बढ़ेगी हेयर ग्रोथ!

Seeds For Hair Growth: बालों का झड़ना और धीमी ग्रोथ परेशान कर रही है, तो अपनी डाइट में कद्दू, अलसी, सूरजमुखी, तिल और चिया सीड्स जैसे पोषक बीज शामिल कर सकते हैं. इन सीड्स को खाने से बालों की सेहत में सुधार होता है.

Advertisement
बालों की ग्रोथ के लिए सीड्स अंदर से पोषक तत्व देते हैं. (Photo: ITG) बालों की ग्रोथ के लिए सीड्स अंदर से पोषक तत्व देते हैं. (Photo: ITG)

आजतक लाइफस्टाइल डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 17 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 10:30 PM IST

बालों का झड़ना, पतला होना और उनकी ग्रोथ धीमी पड़ जाना आजकल कई लोगों की परेशानी बन गया है. इन सभी चीजों से छुटकारा पाने के लिए कोई महंगे हेयर सीरम खरीदता है, तो कोई बालों को लंबा और घना बनाने के लिए तरह-तरह के घरेलू नुस्खे आजमाता है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि बालों की सेहत का कनेक्शन सिर्फ बाहर से लगाए जाने वाले तेल और शैंपू से नहीं, बल्कि आपकी डाइट से भी होता है? शरीर को सही पोषण नहीं मिलने पर बाल कमजोर हो सकते हैं और टूटने की समस्या बढ़ सकती है.

ऐसे में अपनी डाइट में कुछ हेल्दी बीज शामिल करना एक अच्छा ऑप्शन हो सकता है. ये बीज बालों की सेहत को सुधारकर उनका झड़ना, टूटना कम करने में मदद करते हैं. कद्दू के बीज से लेकर अलसी, तिल और चिया सीड्स तक, कई बीज ऐसे पोषक तत्वों से भरपूर होते हैं जो शरीर और बालों की सेहत को बनाए रखने में मदद करते हैं. खास बात ये है कि इन्हें खाने के लिए अलग से कोई खास डिश बनाने की जरूरत नहीं है. आप इनका पाउडर तैयार करके दही, सलाद या स्मूदी में मिलाकर खा सकते हैं. आइए जानते हैं ऐसे 5 बीजों के बारे में और इन्हें खाने का आसान तरीका.

Advertisement

1. अलसी के बीज: अलसी के छोटे-छोटे बीज पोषण के मामले में काफी फायदेमंद माने जाते हैं. इनमें ओमेगा-3 फैटी एसिड, फाइबर और प्रोटीन जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं. ये शरीर को जरूरी पोषण देने के साथ ओवरऑल हेल्थ को बनाए रखने में मदद करते हैं.

बालों की अच्छी सेहत के लिए भी शरीर को अच्छा पोषण मिलना जरूरी है. ऐसे में अलसी को अपनी रोजाना की डाइट में शामिल किया जा सकता है. आप इसके बीजों को हल्का भूनकर पीस लें और पाउडर को दही, दलिया या स्मूदी में मिलाकर खाएं.

2. सूरजमुखी के बीज: सूरजमुखी के बीज सिर्फ स्नैक के तौर पर खाने के लिए ही नहीं, बल्कि पोषण के लिहाज से भी अच्छे होते हैं. इनमें विटामिन ई, प्रोटीन और हेल्दी फैट्स पाए जाते हैं. विटामिन ई शरीर की कोशिकाओं को ऑक्सीडेटिव नुकसान से बचाने में मदद करता है.

अगर आप अपनी डाइट में पौष्टिक चीजें शामिल करना चाहते हैं, तो सूरजमुखी के बीज एक अच्छा ऑप्शन हो सकते हैं. इन्हें सलाद पर डालकर खा सकते हैं या दूसरे बीजों के साथ मिलाकर पाउडर बना सकते हैं. हालांकि, केवल इन बीजों को खाने से बालों का झड़ना बंद होने या तेजी से बढ़ने की गारंटी नहीं है.

3. तिल के बीज: तिल का इस्तेमाल आपने लड्डू, चिक्की और कई दूसरी चीजों में जरूर किया होगा. लेकिन ये छोटे-छोटे बीज पोषक तत्वों का भी अच्छा सोर्स हैं. इनमें प्रोटीन, हेल्दी फैट्स, कैल्शियम और मैग्नीशियम जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं.

Advertisement

बालों की मजबूती बनाए रखने के लिए शरीर को अच्छे प्रोटीन और मिनरल्स की जरूरत होती है. ऐसे में तिल को बैलेंस डाइट का हिस्सा बनाया जा सकता है. आप हल्के भुने तिल को सलाद, दही या सब्जियों के ऊपर डालकर खा सकते हैं. इन्हें अलसी और कद्दू के बीजों के साथ पीसकर भी इस्तेमाल किया जा सकता है.

4. चिया सीड्स: चिया सीड्स का इस्तेमाल आजकल लोग वजन कंट्रोल करने वाली डाइट, पुडिंग और स्मूदी में खूब करते हैं. इनमें फाइबर, प्रोटीन और ओमेगा-3 फैटी एसिड पाए जाते हैं. ये पोषक तत्व शरीर को हेल्दी रखने और बैलेंस डाइट की जरूरत पूरी करने में मदद करते हैं.

बालों की सेहत के लिए भी सही खानपान जरूरी है. आप चिया सीड्स को दही, ओट्स या स्मूदी में शामिल कर सकते हैं. इन्हें खाने से पहले पानी में भिगोना भी एक अच्छा तरीका है. अगर आप इन्हें दूसरे बीजों के साथ पाउडर में मिलाना चाहते हैं, तो कम मात्रा में इस्तेमाल करें और पूरे मिश्रण को अपनी डाइट के हिसाब से लें.

5. कद्दू के बीज: कद्दू के बीज बालों की सेहत के लिए जरूरी पोषक तत्वों का अच्छा सोर्स हैं. इनमें जिंक, प्रोटीन और हेल्दी फैट्स पाए जाते हैं. जिंक शरीर में कई जरूरी प्रोसेस के लिए महत्वपूर्ण है और इसकी कमी होने पर बाल झड़ने की समस्या भी हो सकती है.

आप कद्दू के बीजों को हल्का भूनकर स्नैक की तरह खा सकते हैं या दूसरे बीजों के साथ मिलाकर पाउडर तैयार कर सकते हैं. इन्हें सलाद और ओट्स में डालकर भी खाना आसान है. ध्यान रखें कि जिंक की कमी न होने पर एक्स्ट्रा मात्रा में लेने से बालों की ग्रोथ बढ़ने की कोई गारंटी नहीं है. 

घर पर कैसे बनाएं 5 बीजों का पाउडर?
अगर आप इन पांचों बीजों को अलग-अलग खाने के बजाय एक साथ डाइट में शामिल करना चाहते हैं, तो इनका मिश्रण तैयार कर सकते हैं. इसके लिए आपको बहुत ज्यादा मेहनत करने की जरूरत नहीं पड़ेगी.

Advertisement

इंग्रेडिएंट्स:

  • 2 बड़े चम्मच कद्दू के बीज
  • 2 बड़े चम्मच अलसी के बीज
  • 2 बड़े चम्मच सूरजमुखी के बीज
  • 2 बड़े चम्मच तिल
  • आधा बड़ा चम्मच चिया सीड्स

बनाने का तरीका:

1. सबसे पहले कद्दू, अलसी, सूरजमुखी और तिल के बीजों को साफ कर लें. अब इन्हें धीमी आंच पर अलग-अलग या एक साथ हल्का भून लें. ध्यान रखें कि बीज जलने न पाएं. इसके बाद इन्हें पूरी तरह ठंडा होने दें.

2. अब सभी बीजों को मिक्सर में डालकर दरदरा पीस लें. चिया सीड्स को भी मिश्रण में शामिल कर सकते हैं. तैयार पाउडर को साफ, सूखे और एयरटाइट डिब्बे में भरकर फ्रिज में रखें, ताकि इसकी ताजगी बनी रहे.

3. आप इस पाउडर की थोड़ी मात्रा दही, दलिया, ओट्स या स्मूदी में मिलाकर खा सकते हैं. इसे सलाद के ऊपर छिड़ककर भी इस्तेमाल किया जा सकता है. शुरुआत कम मात्रा से करें, क्योंकि इन बीजों में फाइबर और कैलोरी दोनों होते हैं.

क्या इन बीजों से बालों का झड़ना बंद हो जाएगा?
ये बात समझना जरूरी है कि ये बीज बालों को जरूरी पोषण देने में मदद कर सकते हैं, लेकिन इन्हें बालों के लिए कोई जादुई चीज नहीं सझना चाहिए. बाल झड़ने के पीछे आयरन की कमी, थायरॉइड की समस्या, हार्मोनल चेंज, स्ट्रेस, जेनेटिक या दूसरी हेल्थ प्रॉबलम्स भी हो सकती हैं. इसलिए अगर आपके बाल लगातार झड़ रहे हैं, अचानक बहुत ज्यादा गिरने लगे हैं या सिर पर खाली जगह दिखने लगी है, तो स्किन स्पेशलिस्ट से सलाह लें. बैलेंस डाइट, पर्याप्त प्रोटीन, अच्छी नींद और सही हेयर केयर रूटीन बालों की सेहत बनाए रखने में मदद कर सकते हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »