Bhindi Kadhi Recipe: लंच में ट्राई करें पंजाबी स्टाइल भिंडी कढ़ी, एक बार खाएंगे तो बार-बार बनाएंगे
Bhindi Kadhi Recipe: आपने अब तक कई तरह की कढ़ी खाई होगी, लेकिन क्या आपने कभी पंजाबी स्टाइल भिंडी कढ़ी ट्राई की है. अगर नहीं तो आज हम आपको इसकी आसान रेसिपी बताएंगे, जिसे आप आसानी से लंच में बनाकर खा सकते हैं.
Bhindi Kadhi Recipe: कढ़ी भारतीय खाने का एक अहम हिस्सा है, जिसे लगभग हर घर में पसंद किया जाता है. आमतौर पर लोग बेसन की कढ़ी या पकोड़े वाली कढ़ी बनाते हैं. लेकिन अगर आप नॉर्मल कढ़ी से हटकर कुछ अलग ट्राई करना चाहते हैं तो पंजाबी स्टाइल भिंडी कढ़ी एक बेहतरीन ऑप्शन हो सकती है. दही और बेसन से बनी इस कढ़ी में कुरकुरी भिंडी का स्वाद इसे और भी खास बना देता है.
Advertisement
गरमा-गरम चावल, रोटी या पराठे के साथ इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है. अगर आप घर पर रेस्टोरेंट जैसा स्वाद पाना चाहते हैं तो यह कढ़ी आपके लिए एकदम परफेक्ट है. आइए जानते हैं कि पंजाबी स्टाइल भिंडी कढ़ी कैसे बनती है और इसे बनाने के लिए किन-किन चीजों की जरूरत होती है.
1/2 किलो भिंडी
1 कप दही
2 बड़े चम्मच बेसन
1/2 छोटा चम्मच हल्दी
1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर
1/4 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
2 बड़े चम्मच तेल
तड़के के लिए
2 बड़े चम्मच देसी घी
1/4 छोटा चम्मच जीरा
2 साबुत लाल मिर्च
1 इंच दालचीनी का टुकड़ा
पंजाबी स्टाइल भिंडी कढ़ी बनाते कैसे हैं?
सबसे पहले एक बड़े बर्तन में दही और बेसन डालकर अच्छी तरह फेंट लें. इसके बाद इसमें हल्दी, धनिया पाउडर, लाल मिर्च पाउडर और स्वादानुसार नमक मिलाएं. मिश्रण को तब तक फेंटें जब तक सारी गांठें खत्म न हो जाएं. अब इसमें 2 से 3 कप पानी डालकर एक बार फिर अच्छी तरह मिला लें.
इसके बाद इस दही-बेसन के मिश्रण को एक कड़ाही में डालकर कम गैस पर पकने के लिए रख दें. बीच-बीच में चलाते रहें ताकि कढ़ी तले में न लगे. कढ़ी में उबाल आने तक इसे पकने दें.
इस दौरान भिंडी को धोकर अच्छी तरह सुखा लें और मनचाहे आकार में काट लें. अब कड़ाही में तेल गर्म करें और उसमें कटी हुई भिंडी के साथ थोड़ा-सा नमक डालकर भूनें. भिंडी को हल्का सुनहरा और कुरकुरा होने तक पकाएं, फिर एक बाउल में निकालकर अलग रख दें.
अब एक छोटे पैन में देसी घी गर्म करें. घी गर्म होने पर उसमें जीरा, साबुत लाल मिर्च और दालचीनी डालें. जीरा चटकने और मसालों की खुशबू आने तक भूनें, फिर गैस बंद कर दें.
तैयार कढ़ी में भुनी हुई भिंडी और तैयार तड़का डालकर अच्छी तरह मिला लें. इसके बाद कढ़ी को ढककर 7 से 8 मिनट तक और पकाएं, ताकि सभी स्वाद अच्छी तरह मिल जाएं.
आपकी टेस्टी पंजाबी स्टाइल भिंडी कढ़ी तैयार है. इसे गरमा-गरम चावल, रोटी या पराठे के साथ परोसें.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क