How To Fix Extra Chilli In Sabji: खाना बनाना एक कला है, जिसमें कभी न कभी सभी से गलती होती है. कई बार सब्जी बनाते समय जल्दीबाजी या अंदाजे से मसाले डालने के चक्कर में मिर्च जरूरत से ज्यादा पड़ जाती है. फिर चाहे दाल हो, सब्जी, करी या कोई ग्रेवी वाली डिश, अगर लाल मिर्च तेज हो जाए तो उसका स्वाद खराब हो जाता है. पहला निवाला खाते ही लोगों के मुंह में तेज जलन महसूस होने लगती है. ज्यादा तीखा खाना न सिर्फ स्वाद बिगाड़ देता है, बल्कि बच्चों और बुजुर्गों के लिए इसे खाना मुश्किल भी हो जाता है. ऐसे में न केवल खाने वाले का स्वाद, बल्कि बनाने वाले की भी सारी मेहनत बेकार चली जाती है.
अगर आप भी ऐसा सोचते हैं, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है. रसोई में मौजूद कुछ चीजों की मदद से आप खाने का तीखापन काफी हद तक कम कर सकते हैं. खास बात ये है कि इसके लिए आपको बाजार से कुछ खास लाने की जरूरत नहीं पड़ती है. इनकी मदद से आप खाने को फिर से खाने लायक बना सकते हैं.
1. दही या मलाई डालें: अगर आप अपनी सब्जी में तेज हुई मिर्च को ठीक करके उसे खाने लायक बनाना चाहते हैं तो आप उसमें दही या मलाई डाल सकते हैं. सब्जी या ग्रेवी बहुत ज्यादा तीखी हो गई है, तो उसमें थोड़ा दही, मलाई या क्रीम मिलाने से स्वाद बैलेंस हो जाता है और खाने में हल्की मलाईदार टेस्ट भी आ जाती है. हालांकि, इस बात का ध्यान रखना बहुत जरूरी है कि दही डालते समय गैस धीमी रखें ताकि वह फटे नहीं.
2. आलू कर सकता है कमाल: आलू मिर्च और नमक को काफी हद तक सोख लेता है. अगर करी ज्यादा तीखी हो गई है, तो उसमें बड़े टुकड़ों में कटा आलू डालकर कुछ देर पकाएं. बाद में चाहें तो आलू निकाल सकते हैं या फिर उसी के साथ सर्व कर सकते हैं.
3. नींबू का रस देगा बैलेंस्ड स्वाद: अपनी तीखी सब्जी को फिर से खाने लायक बनाने के लिए उसमें थोड़ा सा नींबू का रस भी डाल सकते हैं. ये तीखापन कम करने में मदद करता है. इसकी हल्की खटास खाने के स्वाद को बैलेंस कर देती है. ये तरीका दाल, चाट या मसालेदार सब्जियों में बहुत अच्छे से काम करता है.
4. मिठास भी कर सकती है मदद: अगर खाना बहुत ज्यादा स्पाइसी हो गया है, तो उसमें थोड़ा शहद, चीनी या गुड़ मिला सकते हैं. इन चीजों की मिठास से तीखापन थोड़ा कम महसूस होता है. लेकिन इन्हें ज्यादा मात्रा में डालने की भूल न करें, वरना खाने का स्वाद मीठा हो सकता है.
5. ज्यादा ग्रेवी या सामग्री मिलाएं: अगर सब्जी या करी कम मात्रा में है और मिर्च ज्यादा पड़ गई है, तो उसमें थोड़ा पानी, उबली सब्जियां या एक्स्ट्रा ग्रेवी मिला सकते हैं. इससे मसाले फैल जाएंगे और तीखापन कम हो जाएगा.
6. ब्रेड या चावल के साथ करें सर्व: बहुत तीखा खाना सीधे खाने में परेशानी दे सकता है. ऐसे में उसे चावल, रोटी या ब्रेड के साथ खाने से मिर्च का असर थोड़ा कम महसूस होता है. यही वजह है कि स्पाइसी डिशेज के साथ लोग अक्सर दही या चावल खाना पसंद करते हैं.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क