Sabudana Aloo Chilla Recipe: साबूदाने की खिचड़ी छोड़ें, इस बार व्रत में बनाएं कुरकुरा साबूदाना-आलू चीला, रेसिपी है आसान
Sabudana Aloo Chilla Recipe: नवरात्रि के व्रत में अगर आप फलाहार में कुछ अलग और टेस्टी ट्राई करना चाहते हैं तो साबूदाना-आलू का चीला बना सकते हैं. साबूदाना, उबले आलू, सिंघाड़े या कुट्टू के आटे से बनने वाला यह चीला खाने में टेस्टी और बनाने में आसान है. इसे आप व्रत वाली चटनी, दही या मूंगफली की चटनी के साथ परोस सकते हैं.
Advertisement
नवरात्रि व्रत में बनाएं साबूदाना-आलू का चीला (Photo- ITG)
Sabudana Aloo Chilla Recipe: नवरात्रि के नौ दिनों में कई लोग मां दुर्गा की पूजा-अर्चना करने के साथ व्रत भी रखते हैं. इस दौरान खानपान का खास ध्यान रखना पड़ता है और ऐसी चीजें खाई जाती हैं जो व्रत के नियमों के अनुसार हों. व्रत में फल, दूध, साबूदाने की खिचड़ी और कुट्टू की पूड़ी जैसी चीजें तो आपने कई बार खाई होंगी लेकिन आप इस बार कुछ अलग और टेस्टी ट्राई करना चाहते हैं तो साबूदाना-आलू का चीला बना सकते हैं.
Advertisement
यह चीला बनाने में आसान है और इसे तैयार करने के लिए घर में आसानी से मिलने वाली कुछ चीजों की जरूरत होती है. साबूदाने के साथ उबले आलू, कुट्टू या सिंघाड़े का आटा और कुछ मसाले मिलाकर इसे बनाया जाता है. इस चीले को आप व्रत वाली चटनी के साथ खा सकते हैं. तो आइए जानते हैं साबूदाना-आलू का चीला कैसे बनाते हैं और इसे बनाने के लिए किन-किन चीजों की जरूरत होती है.
सबसे पहले साबूदाने को अच्छी तरह धो लें. अब इसे 6-8 घंटे या रातभर के लिए पानी में भिगोकर रख दें. जब साबूदाना अच्छी तरह फूल जाए तो इसका सारा पानी निकाल दें. इसके बाद साबूदाने को मिक्सर में थोड़ा पानी डालकर मुलायम पीस लें.
अब इस पेस्ट को एक बड़े बर्तन में निकालें और इसमें उबले हुए आलू मैश करके मिला दें. इसके बाद हरी मिर्च, अदरक, सेंधा नमक, काली मिर्च पाउडर, हरा धनिया और कुट्टू या सिंघाड़े का आटा डालें. सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाकर गाढ़ा घोल तैयार कर लें. जरूरत पड़ने पर थोड़ा पानी मिला सकते हैं.
अब तवे को गर्म करें और उस पर थोड़ा घी या तेल लगाएं. तैयार मिश्रण की एक करछी तवे पर डालें और गोल आकार में फैलाएं. चीले को मीडियम आंच पर पकने दें. जब एक तरफ से चीला सुनहरा हो जाए, तो इसे पलट दें. दूसरी तरफ भी थोड़ा घी या तेल लगाकर अच्छी तरह सेंक लें. जब चीला दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा हो जाए, तो इसे प्लेट में निकाल लें.
गरमागरम साबूदाना-आलू का चीला तैयार है. इसे व्रत वाली हरी चटनी, दही या मूंगफली की चटनी के साथ परोस सकते हैं.
चीला बनाते समय इन बातों का रखें ध्यान
साबूदाने को अच्छी तरह भिगोएं, ताकि वह आसानी से पीस सके.
व्रत में सामान्य नमक की जगह सेंधा नमक का इस्तेमाल करें.
चीले को मीडियम आंच पर पकाएं, ताकि वह अंदर तक अच्छी तरह पक जाए और बाहर से कुरकुरा बने.
बैटर ज्यादा पतला न रखें, वरना चीले को तवे पर फैलाने और पलटने में परेशानी हो सकती है.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क