Methi Pakoda Kadhi Recipe: गुलाबी सर्दियों में बनाकर खाएं मेथी पकौड़ा कढ़ी, रेसिपी है बेहद आसान
Methi Pakoda Kadhi Recipe: कढ़ी भारतीय खाने का अहम हिस्सा है, जिसे ज्यादातर लोग चावल के साथ खाना पसंद करते हैं. आमतौर पर घरों में बेसन के पकौड़ों वाली कढ़ी बनाई जाती है लेकिन आप कुछ अलग और टेस्टी ट्राई करना चाहते हैं तो मेथी पकौड़ा कढ़ी बना सकते हैं.
Methi Pakoda Kadhi Recipe: भारतीय खाने में कढ़ी का अपना अलग ही स्वाद और महत्व है. गरमागरम चावल के साथ कढ़ी मिल जाए तो खाने का मजा दोगुना हो जाता है. ज्यादातर घरों में बेसन के पकौड़ों वाली कढ़ी बनाई जाती है, लेकिन आप रोज एक जैसा खाना खाकर बोर हो गए हैं और कुछ नया ट्राई करना चाहते हैं तो मेथी पकौड़ा कढ़ी बना सकते हैं. इसका स्वाद आम कढ़ी से थोड़ा अलग होता है और मेथी के पत्ते इसमें एक खास स्वाद जोड़ देते हैं.
Advertisement
मेथी, बेसन, प्याज और दही से बनने वाली यह कढ़ी लंच या डिनर के लिए आसानी से तैयार की जा सकती है. इसके साथ गरमागरम चावल या रोटी परोसने से खाने का स्वाद और बढ़ जाता है. तो आइए जानते हैं कि मेथी पकौड़ा कढ़ी कैसे बनाई जाती है और इसे बनाने के लिए किन-किन चीजों की जरूरत होती है.
सबसे पहले एक बर्तन में कटे हुए मेथी के पत्ते, आधा कप बेसन, बारीक कटा प्याज, लाल मिर्च पाउडर, बेकिंग सोडा और नमक डालकर अच्छी तरह मिला लें. इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए गाढ़ा मिश्रण तैयार करें. अब इस मिश्रण से छोटे-छोटे पकौड़े बना लें.
एक कड़ाही में तेल गर्म करें. तेल गर्म होने पर पकौड़ों को मध्यम आंच पर सुनहरा और अच्छी तरह पकने तक तल लें. इसके बाद इन्हें प्लेट में निकालकर अलग रख दें.
अब एक बर्तन में खट्टा दही, एक कप बेसन, अदरक का पेस्ट, हरी मिर्च का पेस्ट, नमक और करीब 2 कप पानी डालें. सभी चीजों को अच्छी तरह फेंट लें, ताकि घोल में गांठें न पड़ें.
इसके बाद एक कड़ाही में थोड़ा तेल गर्म करें. इसमें राई, जीरा और हींग डालकर तड़कने दें. अब लाल मिर्च पाउडर और हल्दी पाउडर डालकर हल्का चलाएं. इसके बाद दही और बेसन का तैयार घोल कड़ाही में डालें और लगातार चलाते हुए मिलाएं.
कढ़ी में उबाल आने पर आंच धीमी कर दें. इसे लगभग 15-20 मिनट तक पकाएं और बीच-बीच में चलाते रहें, ताकि कढ़ी तले में न लगे. जब कढ़ी अच्छी तरह पक जाए और गाढ़ी होने लगे तो इसमें तैयार मेथी के पकौड़े डाल दें. अब इसे 5-7 मिनट तक धीमी आंच पर पकने दें, ताकि पकौड़े कढ़ी का स्वाद अच्छी तरह सोख लें.
तैयार मेथी पकौड़ा कढ़ी को बारीक कटे हरे धनिये से सजाएं. इसे गरमागरम चावल या रोटी के साथ परोसें और इसके स्वाद का आनंद लें.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क