Bhindi Do Pyaza Recipe: लंच-डिनर में बनाकर खाएं ढाबा स्टाइल भिंडी दो प्याजा, बढ़ जाएगा खाने का स्वाद
Bhindi Do Pyaza Recipe: आपने भिंडी की कई तरह की सब्जियां खाई होंगी लेकिन क्या आपने कभी ढाबा स्टाइल भिंडी दो प्याजा ट्राई किया है. अगर नहीं तो आज हम आपको इसकी आसान रेसिपी बताएंगे. इसे आप घर पर बहुत कम समय में और आसानी से बना सकते हैं.
Advertisement
रोटी-पराठे के साथ बनाकर खाएं ढाबा स्टाइल भिंडी दो प्याजा (Photo-ITG)
Bhindi Do Pyaza Recipe: रोज-रोज एक जैसी भिंडी खाकर आप बोर हो गए हैं और कुछ नया और टेस्टी ट्राई करना चाहते हैं तो ढाबा स्टाइल भिंडी दो प्याजा एक बेहतरीन ऑप्शन है. प्याज, दही और खुशबूदार मसालों से तैयार होने वाली यह सब्जी स्वाद में लाजवाब होती है.
खास बात यह है कि इसे घर पर आसानी से बनाया जा सकता है और यह रोटी, पराठे या दाल-चावल के साथ खाने में काफी टेस्टी लगती है. तो आइए जानते हैं भिंडी दो प्याजा बनाने के लिए किन-किन चीजों की जरूरत होगी और इसे कैसे बना सकते हैं.
1/2 किलो भिंडी
2 प्याज (कटे हुए)
1 छोटा चम्मच अदरक-लहसुन पेस्ट
2 बड़े चम्मच दही
2 बड़े चम्मच हरा धनिया (बारीक कटा हुआ)
1/4 छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
1 हरी मिर्च (बारीक कटी हुई)
1 छोटा चम्मच अमचूर पाउडर
1/2 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
1/4 छोटा चम्मच गरम मसाला
1 इंच दालचीनी का टुकड़ा
2 इलायची
नमक स्वादानुसार
3-4 बड़े चम्मच तेल
भिंडी दो प्याजा कैसे बनाते हैं?
सबसे पहले भिंडी को अच्छी तरह धोकर सूखे कपड़े से पोंछ लें, ताकि उसमें बिल्कुल भी नमी न रहे. इसके बाद भिंडी को बीच से लंबाई में काट लें.
अब एक कड़ाही में तेल गर्म करें और मध्यम आंच पर भिंडी को हल्का सुनहरा होने तक फ्राई कर लें. फिर इसे एक प्लेट में निकालकर अलग रख दें.
अब उसी कड़ाही में थोड़ा-सा तेल डालें. इसमें इलायची और दालचीनी डालकर कुछ सेकंड भूनें. इसके बाद अदरक-लहसुन का पेस्ट और हरी मिर्च डालकर हल्का भून लें. फिर कटा हुआ प्याज डालें और 2 से 3 मिनट तक पकाएं, जब तक प्याज हल्का सुनहरा न हो जाए.
अब इसमें हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, अमचूर और नमक डालकर अच्छी तरह मिलाएं. इसके बाद दही डालें और मसाले को तब तक पकाएं, जब तक तेल अलग न होने लगे.
अब फ्राई की हुई भिंडी डालकर अच्छी तरह मिलाएं. कड़ाही को ढककर कम गैस पर 5 से 7 मिनट तक पकाएं, ताकि मसालों का स्वाद भिंडी में अच्छी तरह समा जाए. आखिर में गरम मसाला और हरा धनिया डालकर गैस बंद कर दें.
गरमा-गरम भिंडी दो प्याजा तैयार है. इसे रोटी, पराठे या सादे चावल के साथ परोसें और ढाबा जैसा स्वाद घर पर ही लें.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क