Chawal ke Aate ki Jalebi Recipe: चावल के आटे से घर पर बनाएं रसीली और कुरकुरी जलेबी, खाते ही सब करेंगे तारीफ
Chawal ke Aate ki Jalebi Recipe: चावल के आटे से बनी जलेबी स्वाद में कुरकुरी और बेहद लाजवाब होती है. इसे बनाने के लिए आपको ज्यादा मेहनत करने की जरूरत नहीं है. घर पर मौजूद कुछ आम चीजों की मदद से आप हलवाई जैसी मीठी जलेबी तैयार कर सकते हैं.
Chawal ke Aate ki Jalebi Recipe: जलेबी एक ऐसी मिठाई है, जिसका नाम सुनते ही मुंह में पानी आ जाता है. बाजार में मिलने वाली गरमा-गरम और कुरकुरी जलेबी खाना भला किसे पसंद नहीं होता. आमतौर पर जलेबी मैदा से बनाई जाती है लेकिन क्या आपने कभी चावल के आटे से बनी जलेबी का स्वाद चखा है. चावल के आटे और गेहूं के आटे से तैयार यह जलेबी स्वाद में लाजवाब होती है. इसकी कुरकुरी बनावट और मीठी चाशनी इसे खास बनाती है.
Advertisement
अच्छी बात यह है कि इसे बनाने के लिए आपको बहुत ज्यादा चीजों की जरूरत नहीं पड़ेगी. घर में मौजूद कुछ आम चीजों की मदद से आप इसे आसानी से तैयार कर सकते हैं. अगर आपका भी कुछ मीठा और अलग खाने का मन है तो इस बार बाजार से जलेबी लाने के बजाय घर पर चावल के आटे की जलेबी बना सकते हैं. आइए जानते हैं इसकी आसान रेसिपी.
सबसे पहले एक बड़े बर्तन में चावल का आटा, गेहूं का आटा, दही, बेकिंग पाउडर और फूड कलर डालें. सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाकर एक स्मूद बैटर तैयार कर लें. बैटर ज्यादा गाढ़ा या पतला नहीं होना चाहिए. अब इसे ढककर 10 से 15 मिनट के लिए रख दें.
इस बीच जलेबी के लिए चाशनी तैयार कर लें. इसके लिए एक पैन में चीनी और आधा कप पानी डालकर गर्म करें. चीनी घुलने के बाद इसे पकाएं और एक तार की चाशनी तैयार कर लें. आखिर में इसमें इलायची पाउडर डालकर मिला दें.
अब तैयार बैटर को जलेबी मेकर या साफ खाली दूध के पैकेट में भर लें. एक कड़ाही या पैन में तेल गर्म करें. दूध के पैकेट का कोना थोड़ा काट लें और गर्म तेल में बैटर को गोल-गोल घुमाते हुए जलेबी का आकार दें.
जलेबियों को मध्यम आंच पर दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें. इसके बाद इन्हें तेल से निकालकर तुरंत तैयार चाशनी में डाल दें. लगभग 4-5 मिनट तक चाशनी में डुबोकर रखें, ताकि जलेबी में अच्छी तरह मिठास भर जाए.
अब जलेबियों को चाशनी से निकालकर गर्मागर्म परोसें. चावल के आटे से बनी कुरकुरी और मीठी जलेबी का स्वाद घर के सभी लोगों को पसंद आएगा.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क