How to store clothes without a wardrobe: किराए के कमरे या छोटे घर में अक्सर सबसे बड़ी परेशानी कपड़े रखने की होती है. हर कमरे में बड़ी अलमारी तो नहीं रख सकते हैं. ऐसे में कपड़े बेड, कुर्सी या कमरे के किसी कोने में रखने से कमरा बिखरा हुआ लगने लगता है. मगर अलमारी न होने का मतलब यह नहीं कि कपड़ों को व्यवस्थित नहीं रखा जा सकता. आज भी कई घरों में लोगों के पास जगह की कमी की वजह से अलमारी नहीं होती है, ऐसे में उनको समझ नहीं आता है कि कपड़ों को कहां और किस तरह से रखा जाए.
अगर आपके भी कमरे में जगह नहीं है और आप भी समझ नहीं पाते हैं तो आप अपने कपड़ों को किस तरह से व्यवस्थित करें तो आपकी इस मुश्किल का हल हो सकता है. इसके लिए बस आपको अपने घर के हर कोने का इस्तेमाल करना होगा. घर में मौजूद दीवार, बेड के नीचे की जगह, पुराना फर्नीचर और दरवाजे के पीछे की जगह का यूज आप कपड़ों को रखने के लिए कर सकते हैं, एक तो इससे घर बिखरा-बिखरा नहीं लगता है और दूसरा देखने में भी कमरा साफ-सुंदर लगता है. आइए ऐसे आसान और कम जगह घेरने वाले तरीके जानते हैं.
पुरानी बुकशेल्फ पर रखें कपड़ें
घर में कोई पुरानी लड़की की बुकशेल्फ है, जिसका अब इस्तेमाल नहीं किया जा रहा है. तो आप इसमें अपने कपड़े रख सकते हैं, उसकी शेल्फ पर टी-शर्ट, जींस, स्वेटर और बैग तह करके रखें. मोजे और छोटे कपड़ों को अलग रखने के लिए छोटी टोकरियां रखी जा सकती हैं. जरूरत हो तो किसी शेल्फ के बीच रॉड लगाकर कुछ कपड़े टांगे भी जा सकते हैं. यह दिखने में भी अच्छा लगता है और कपड़े भी आसानी से व्यवस्थित हो जाते हैं.
बेड के नीचे की जगह का करें इस्तेमाल
बेड के नीचे की जगह अक्सर खाली पड़ी रहती है, जबकि यहां काफी सामान रखा जा सकता है. बेड के नीचे वाले स्पेस में आप सीजन के हिसाब से कपड़ों को स्टोर करके रख सकते हैं. गर्मी और सर्दियों के कपड़ों को किसी बॉक्स या प्लास्टिक के कंटेनर में रखककर बेड के नीचे स्टोर कर सकते हैं. अगर आपके पास कोई पुरानी पहिए वाली दराज है तो आप उसमें कपड़े रखकर बेड के नीचे सही से रख सकते हैं.
सीढ़ी और दीवार के हुक आएंगे काम
कमरे में जगह कम है तो एक छोटी लकड़ी की सीढ़ी भी कपड़े और एक्सेसरीज रखने के काम आ सकती है. इसकी सीढ़ियों पर स्कार्फ, बैग, बेल्ट और रोज इस्तेमाल होने वाली चीजें टांगी जा सकती हैं. इसके अलावा दीवार पर हुक लगाकर शर्ट, पैंट, टोपी, हैंडबैग और स्कार्फ रख सकते हैं.
पुराने ड्रेसर को दोबारा इस्तेमाल करें
अगर घर में पुराना ड्रेसर रखा है तो उसे कपड़े रखने के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है. इसके दराज में आप टी-शर्ट, नाइट सूट, पैंट, इनरवियर को रख सकते हैं, क्योंकि यह चीजें कम स्पेस में भी आ जाती हैं. ऊपर की जगह पर आईना, परफ्यूम या छोटी एक्सेसरीज रख सकते हैं और पुराने ड्रेसर को पेंट करके कमरे के हिसाब से नया लुक भी दिया जा सकता है, इससे आपका रूम भी खूबसूरत लगने लगेगा.
ओपन कपड़ों का रैक लगाएं
अगर कमरे में अलमारी रखने की जगह नहीं है तो ओपन कपड़ों का रैक लगा सकते हैं, यह आजकल काफी ट्रेंड में भी है. इसको आप ऑनलाइन कम कीमत पर खरीद सकते हैं और इसे कमरे की किसी खाली दीवार के पास रख दें. इसका इस्तेमाल आप रोज पहनने वाले शर्ट, कुर्ती, पैंट, जैकेट और ड्रेस टांगने के लिए करें. नीचे शेल्फ वाला रैक हो तो वहां जूते, बैग या तह किए हुए कपड़े भी रख सकते हैं, इससे रोजाना कपड़ों को तलाशने की जरूरत भी नहीं पड़ेगी. इसमें काफी सारे हुक भी दिए होते हैं, जहां पर आप अपनी जूलरी वगैरा भी टांग सकते हैं, जिनको आप डेली वियर करते हैं.
खाली दीवार को स्टोरेज की जगह बनाएं
कमरे की खाली दीवार को बेकार ना समझें, इसका इस्तेमाल आप कपड़े रखने के लिए कर सकते हैं. दीवार पर मजबूत शेल्फ लगाकर जींस, टी-शर्ट, स्वेटर और बैग रख सकते हैं, शेल्फ के नीचे एक रॉड लगाकर शर्ट और कपड़े टांगे जा सकते हैं. छोटे कपड़ों और एक्सेसरीज के लिए बास्केट का इस्तेमाल करें. इससे फर्श पर सामान रखने की जरूरत कम होगी और कमरा भी खुला-खुला भी लगेगा.
रैक और शेल्फ वाला कपड़ों का स्टैंड लें
अगर आपको कपड़े टांगने और तह करके रखने दोनों की जरूरत है तो रैक और शेल्फ वाला कपड़ों का स्टैंड आपके के लिए बेस्ट रहेगा. ऊपर की रॉड पर शर्ट, कुर्ती, जैकेट और ड्रेस टांगी जा सकती हैं, जबकि नीचे की शेल्फ पर जींस, टी-शर्ट, जूते या बॉक्स रख सकते हैं. यह एक ही जगह में दोनों तरह के कपड़ों को व्यवस्थित करने का आसान तरीका है और कम स्पेस में आपका काम भी हो जाएगा.
दरवाजे के पीछे लगाएं हुक
भारतीयों घरों में सालों से ही दरवाजे हुक में लोग कपड़े टांगते आ रहे हैं और अगर घर में अलमारी नहीं है तो आप दरवाजे के पीछे एक्स्ट्रा हुक लगाकर अपने कपड़ों को वहां पर टांग सकते हैं. दरवाजे पर हुक या हैंगर लगाकर रोज पहनने वाले कपड़े, स्कार्फ, बेल्ट, बैग और टोपी टांगी जा सकती हैं. खासकर छोटे किराए के कमरों में यह तरीका काफी काम का है, क्योंकि इसमें फर्श की अतिरिक्त जगह भी नहीं घिरती.
सर्दियों के कपड़े ट्रंक या स्टोरेज बेंच में रखें
जो कपड़े हर दिन इस्तेमाल नहीं होते, उन्हें ट्रंक या लकड़ी के स्टोरेज बॉक्स में रखा जा सकता है. सर्दियों के कपड़े, पार्टी ड्रेस और एक्स्ट्रा बेडशीट जैसी चीजें इसमें आसानी से आ सकती हैं. इसे बेड के पास या पैरों की तरफ रखा जा सकता है. अगर आपके पास स्टोरेज बेंच है तो उसमें सामान रखने के साथ बैठने की जगह भी मिल जाती है.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क