How To Organize Wardrobe: अलमारी खोलते ही गिरने लगते हैं कपड़े? रखने का बदलें तरीका, मिनटों में मिल जाएगी फेवरेट ड्रेस

अलमारी खोलते ही कपड़े गिरने लगते हैं और अपनी फेवरेट ड्रेस नहीं मिलती? इसकी वजह ज्यादा कपड़े नहीं, बल्कि उन्हें रखने का गलत तरीका हो सकता है. जानिए अलमारी व्यवस्थित करने के 7 आसान तरीके, जिनसे कम जगह में ज्यादा कपड़े रख सकेंगे और रोजाना समय भी बचेगा.

Advertisement
कपड़ों को एक के ऊपर एक नहीं रखना चाहिए. (PHOTO:ITG) कपड़ों को एक के ऊपर एक नहीं रखना चाहिए. (PHOTO:ITG)

आजतक लाइफस्टाइल डेस्क

  • नई दिल्ली ,
  • 15 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 3:13 PM IST

How To Organize Wardrobe: अलमारी खोलते ही अगर कपड़े आपके ऊपर ही गिरने लगते हैं तो लोग सोचते हैं कि कपड़े ज्यादा हो गए हैं. जरूरत के समय जब आप कपड़े ढूंढ़ते हैं तो वो मिलते नहीं है, इसकी सबसे बड़ी वजह कपड़ों को रखने का तरीका होता है, कपड़े कम या ज्यादा हो इससे फर्क नहीं पड़ता है, बल्कि उनको वॉडरोड में रखने के तरीके से पड़ता है. ज्यादातर लोगों का कपड़ों को अलमारी में रखने का तरीका गलत होता है, जिसकी वजह से कपड़ों का ढ़ेर लग जाता है. 

Advertisement

अक्सर घरों में लोग ज्यादा कपड़ों को रखने के चक्कर में अलमारी में एक के ऊपर एक कपड़ों को रख देते हैं और इस वजह से जब वो बीच में से कोई ड्रेस निकालते हैं तो पूरी अलमारी बिखर जाती है. सर्दियों में स्वेटर, जैकेट और गर्म कपड़ों की वजह से अलमारी में जगह और कम पड़ने लगती है. वहीं गर्मियों में टी-शर्ट, कुर्तियां, जींस और दूसरे हल्के कपड़े ज्यादा जगह घेर लेते हैं.

ऐसे में थोड़ी सी प्लानिंग के साथ कपड़ों को अलग-अलग हिस्सों में रखना काफी मददगार हो सकता है. अगर आप अलमारी में कपड़ों का ढेर नहीं लगाना चाहते हैं तो आप इन आसान तरीको से कपड़ों को अलमारी में सेट कर सकते हैं, इससे आपका काम भी जल्दी हो जाएगा और कपड़े भी आसानी से बाहर निकल जाएंगे.

सबसे पहले अलमारी खाली करें

Advertisement

अलमारी को व्यवस्थित करने से पहले उसमें रखे सभी कपड़े बाहर निकाल लें. इससे आपको पता चलेगा कि आपके पास कितने कपड़े हैं और किन चीजों की वास्तव में जरूरत है. जो कपड़े लंबे समय से इस्तेमाल नहीं किए हैं या अब पहनने लायक नहीं हैं, उन्हें अलग कर दें. इससे बिना किसी अतिरिक्त सामान के अलमारी में काफी जगह बन जाएगी.

मौसम के हिसाब से कपड़े रखें

अलमारी में हर मौसम के कपड़े एक साथ रखने से जगह जल्दी भर जाती है. गर्मियों में भारी स्वेटर और जैकेट को अलग करके रखें, जबकि सर्दियों में रोज इस्तेमाल न होने वाले हल्के कपड़ों को ऊपर या किसी दूसरे हिस्से में रखा जा सकता है. इससे रोज पहनने वाले कपड़े आसानी से हाथ में मिल जाएंगे.

रोज के कपड़े सबसे आसान जगह पर रखें

जिन कपड़ों को आप अक्सर पहनते हैं, उन्हें अलमारी की ऐसी जगह रखें जहां हाथ आसानी से पहुंच सके. रोज पहनने वाली कुर्तियां, टी-शर्ट, जींस या ऑफिस के कपड़े सामने रखने से हर सुबह कपड़े ढूंढने में समय नहीं लगेगा. 

कम इस्तेमाल होने वाले कपड़ों को ऊपर या पीछे की जगह में रखा जा सकता है. कपड़ों को जरूरत के हिसाब से अलग करें. सारे कपड़ों को एक ही ढेर में रखने के बजाय उनकी अलग-अलग केटेगरी बना लें. जैसे कुर्तियां, जींस, टी-शर्ट, ऑफिस वियर, पार्टी वियर और घर में पहनने वाले कपड़े. छोटे हिस्सों में बांटकर रखने से अलमारी में सामान ढूंढना काफी आसान हो जाता है.

Advertisement

कपड़ों को सही तरीके से मोड़ें

कपड़ों को बहुत ज्यादा ठूंसकर रखने से वे जल्दी बिगड़ जाते हैं. टी-शर्ट, टॉप और हल्के कपड़ों को एक जैसा फोल्ड करके रखें. इन्हें जरूरत के मुताबिक खड़ा करके रखने से कई कपड़े एक साथ नजर आते हैं और नीचे रखा कपड़ा निकालने के लिए पूरा ढेर नहीं बिगाड़ना पड़ता.

भारी कपड़ों के लिए अलग जगह बनाएं

स्वेटर, जैकेट और मोटे शॉल जैसे कपड़े ज्यादा जगह लेते हैं. इन्हें बाकी हल्के कपड़ों के साथ रखने के बजाय अलग हिस्से में रखें. ऑफ सीजन में इन्हें साफ करके कपड़े के बैग या स्टोरेज बॉक्स में रखा जा सकता है. इससे रोज इस्तेमाल होने वाले कपड़ों के लिए जगह बची रहती है और हैवी कपड़े भी सेट रहते हैं. 

हैंगर का इस्तेमाल सोच-समझकर करें

अलमारी में हैंगर का इस्तेमाल सबसे ज्यादा किया जाता है, लेकिन कम लोग यह बात जानते हैं कि इनका इस्तेमाल बहुत सोच-समझकर करना चाहिए. हर कपड़े को हैंगर पर टांगना जरूरी नहीं है. शर्ट, ब्लेजर, साड़ी या ऐसे कपड़े जिनमें सिलवट जल्दी पड़ती है, उन्हें हैंगर पर रखें. टी-शर्ट, लेगिंग और हल्के घर के कपड़ों को मोड़कर रखने से हैंगर की जगह बचाई जा सकती है.

अलमारी को फिर से बिखरने से बचाएं

अलमारी को एक बार व्यवस्थित करने के बाद उसे दोबारा बिखरने से बचाना ज्यादा जरूरी है. कपड़ा निकालने के बाद उसे सही जगह पर रखें और नए कपड़े खरीदने से पहले देखें कि अलमारी में उसकी जरूरत और जगह है या नहीं. हर कुछ हफ्तों में एक बार अलमारी से कपड़ों को छांट लेना चाहिए, इससे कपड़ों का ढेर जमा नहीं होगा. 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »