Gujrati Undhiyu Recipe: रोज-रोज की सादी दाल-रोटी और एक जैसी सब्जियां खाकर अगर परिवार के लोग बोर हो चुके हैं तो इस बार अपनी डाइनिंग टेबल पर गुजरात की शान और बेहद लोकप्रिय डिश काठियावाड़ी उंधियू परोसिए. ताजी हरी सब्जियों (जैसे सुरती पापड़, बैंगन, रतालू, शकरकंद, आलू), बेसन और मेथी के स्वादिष्ट मुठिया और हरे मसालों के मेल से बनने वाली यह पारंपरिक सब्जी स्वाद में जितनी लाजवाब होती है, सेहत के लिए उतनी ही फायदेमंद भी है.
सर्दियों के मौसम में तो इसका आनंद ही अलग होता है. अगर आप इसे सही और पारंपरिक तरीके से बनाएं, तो इसका सोंधापन और स्वाद लंबे समय तक जुबां पर रहता है. आइए जानते हैं इसे बनाने की सबसे आसान और अचूक विधि!
सामग्री:
सब्जियों के लिए: 1 कप सुरती पापड़ (या सेम की फली), 4 छोटे बैंगन (चीरा लगे हुए), 2 छोटे कच्चे केले (कटे हुए), 2 आलू, 1 कप रतालू (Yam) और शकरकंद (छोटे टुकड़ों में कटे हुए)
मुठिया के लिए: 1 कप बारीक कटी मेथी, 1 कप बेसन, 1/2 कप गेहूं का आटा, अजवाइन, हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, नमक और 2 चम्मच तेल
मसाले के लिए (हरा मसाला): 1 कप हरा धनिया, 1/2 कप ताजा कसा हुआ नारियल, 2-3 हरी मिर्च, 1 इंच अदरक, 7-8 लहसुन की कलियां, 1 बड़ा चम्मच मूंगफली का चूरा, 1 छोटा चम्मच तिल, नींबू का रस, चीनी, नमक और गरम मसाला
बनाने का तरीका
एक बर्तन में मेथी, बेसन, आटा, मसाले और तेल मिलाकर नरम आटा ग गूंथ लें. इसकी छोटी-छोटी गोल या लंबी मुठिया (पकौड़ियां) बनाकर गर्म तेल में सुनहरा और कुरकुरा होने तक तल लें.
मिक्सी के जार में हरा धनिया, नारियल, हरी मिर्च, अदरक, लहसुन, मूंगफली और तिल डालकर दरदरा पीस लें. इसमें नमक, चीनी, नींबू का रस और मसाले मिलाकर स्टफिंग तैयार करें.
छोटे बैंगन और कटे हुए आलू में चीरा लगाकर यह हरा मसाला अंदर अच्छी तरह भर दें. बाकी बची सब्जियां और पापड़ अलग रख लें.
एक बड़े पतीले या कुकर में 3-4 बड़े चम्मच तेल गरम करें. अजवाइन और थोड़ी सी हींग का तड़का दें. अब तली हुई मुठिया और सारी भरी हुई व कटी हुई सब्जियां परत दर परत लगाएं. ऊपर से बचा हुआ हरा मसाला और 1 कप पानी छिड़क दें.
बर्तन को ढक्कन से अच्छी तरह बंद कर दें और धीमी आंच पर 15-20 मिनट तक पकने दें (या कुकर में बिना सीटी लगाए या एक धीमी सीटी आने तक पकाएं) ताकि सब्जियां भाप में अच्छे से गल जाएं और मसाला रच-बस जाए.
सर्व करें: तैयार है आपका गरमा-गरम, सोंधा और स्वादिष्ट काठियावाड़ी उंधियू! इसे पूरी या बाजरे की रोटी के साथ परोसें.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क