दिवाली के दिन जैसे-जैसे नजदीक आते हैं, वैसे-वैसे घर में साफ-सफाई के साथ ही डेकोरेशन की तैयारी भी शुरू हो जाती है. सभी लोग घर की दीवारों से लेकर खाली कोनों तक को नया लुक देने की तैयार करने लगते हैं. कोई नए पर्दे खरीदता है, तो कोई कुशन कवर, लाइट्स और महंगे शोपीस पर पैसे खर्च करता है. कई बार इन सभी चीजों को खरीदने के चक्कर में लोगों का बजट बिगड़ जाता है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि घर में रखी कुछ पुरानी चीजें भी आपके घर को ऐसा फेस्टिव लुक दे सकती हैं कि हर कोई तारीफ करेगा? इसके लिए न तो ज्यादा पैसे खर्च करने की जरूरत है और न ही बाजार से ढेर सारा सामान लाने की.
घर में रखे खाली कांच के जार, पुराने दुपट्टे, पिछले साल के मिट्टी के दीये और बेकार पड़ी सजावटी ट्रे को थोड़ी-सी मेहनत से नया रूप दिया जा सकता है. यहां तक कि पुराने कुशन कवर और चादरें भी आपके कमरे की सूरत बदल सकती हैं. बस जरूरत है चीजों को सही तरीके से इस्तेमाल करने की. तो अगर आप इस दिवाली कम खर्च में घर को खूबसूरत बनाना चाहते हैं, तो इन 5 आसान आइडियाज को जरूर आजमाएं.
1. खाली कांच के जार से बनाएं चमचमाती लाइट्स: घर में अक्सर अचार, जैम या दूसरी चीजों के खाली कांच के जार जमा हो जाते हैं. इन्हें लोग ऐसे में बेकार समझकर पड़े रहने देते हैं. इन्हें बेकार समझकर रखने या फेंकने के बजाय दिवाली की डेकोरेशन में इस्तेमाल कर सकते हैं. सबसे पहले जार को अच्छी तरह धोकर सुखा लें. अब इसमें छोटी-छोटी LED फेयरी लाइट्स डाल दें. चाहें तो जार के बाहर कलर्ड रिबन या गोल्डन लेस भी लगा सकते हैं.
इन तैयार जार को सेंटर टेबल, खिड़की या घर के एंट्री एरिया में रखें. रात में जब इनकी रोशनी जलेगी, तो घर का कोना-कोना खूबसूरत दिखाई देगा. इस तरह बिना नया लैंप या महंगा शोपीस खरीदे आप घर में शानदार लाइटिंग कर सकते हैं. सुरक्षा के लिए जार में असली जलती मोमबत्ती के बजाय LED लाइट्स का ही इस्तेमाल करें.
2. पुराने दुपट्टे से सजाएं टेबल और दीवार: अलमारी में ऐसा दुपट्टा जरूर होगा, जिसे आप अब ओढ़ती नहीं हैं, लेकिन उसका रंग और डिजाइन अभी भी अच्छा है. यही दुपट्टा दिवाली पर आपके घर की सजावट में काम आ सकता है. इसे सेंटर टेबल पर बिछाकर सुंदर टेबल रनर बना लें. अगर दुपट्टा थोड़ा चमकदार है या उस पर कढ़ाई का काम है, तो ये सजावट को और खास बना सकता है.
आप चाहें तो किसी पुराने दुपट्टे या साड़ी को दीवार पर भी सजा सकते हैं. इसके आसपास फेयरी लाइट्स लगाएं और नीचे फूलों की डेकोरेशन कर दें. लाल, पीले, नारंगी और सुनहरे रंग त्योहार के माहौल के साथ खूब जंचते हैं. इससे घर को नया लुक मिलेगा और आपको पर्दे या वॉल डेकोर पर अलग से पैसे भी खर्च नहीं करने पड़ेंगे.
3. पिछले साल के दीयों को नया रंग देकर करें इस्तेमाल: हर दिवाली नए दीये खरीदने की बजाय एक बार घर में रखे पुराने दीयों को भी देख लें. अगर वे सही हालत में हैं, तो उन्हें साफ करके दोबारा इस्तेमाल किया जा सकता है. थोड़े-से रंग और क्रिएटिविटी से पुराने दीये भी नए जैसे दिखने लगेंगे.
दीयों के बाहरी हिस्से पर लाल, पीले या सुनहरे रंग से डिजाइन बनाएं. चाहें तो छोटे फूल, बिंदियां या किनारों पर सुंदर पैटर्न बना सकते हैं. इन्हें पूजा की जगह, बालकनी या घर के मेन गेट के पास सजाएं. एक ही रंग के दीयों के साथ कुछ अलग-अलग रंगों के दीये रखने से सजावट और भी अट्रेक्टिव लगेगी. ध्यान रखें कि दीये के अंदर, जहां तेल और बाती रखी जाती है, वहां पेंट न लगाएं.
4. पुरानी ट्रे को बनाएं शानदार डेकोरेशन पीस: घर में रखी पुरानी लकड़ी, कांच या मेटल की ट्रे को सिर्फ सामान रखने के लिए ही इस्तेमाल करना जरूरी नहीं है. थोड़ी-सी सजावट से इसे खूबसूरत डेकोरेशन पीस बनाया जा सकता है. सबसे पहले ट्रे को अच्छी तरह साफ करें. अब इसमें गेंदे के फूल, कुछ सजावटी मोती और LED टी-लाइट्स रख दें.
अगर आपके पास छोटे सजावटी कटोरे या पुराने आर्टिफिशियल फूल हैं, तो उन्हें भी इसमें शामिल कर सकते हैं. तैयार ट्रे को सेंटर टेबल, साइड टेबल या पूजा की जगह पर रखें. इससे एक खाली कोना भी सजा हुआ नजर आएगा.
अगर ट्रे का रंग फीका पड़ गया है, तो उसके सामान के हिसाब से उसे साफ करके या नया लुक देकर दोबारा इस्तेमाल कर सकते हैं. इस तरह पुरानी चीज को फेंकने के बजाय उसे घर की सजावट का हिस्सा बनाया जा सकता है.
5. पुराने कुशन कवर और चादरों से बदलें कमरे की सूरत: दिवाली पर लिविंग रूम को नया लुक देने के लिए सोफा या बेड बदलने की जरूरत नहीं है. कई बार सिर्फ कुशन कवर और चादरों का सही इस्तेमाल ही कमरे की पूरी डेकोरेशन को बदल देता है. घर में रखे पुराने लेकिन साफ और अच्छी हालत वाले कुशन कवर निकालें और उन्हें सोफे पर अलग-अलग कलर्स के कॉम्बिनेशन के साथ सजाएं.
अगर आपके पास कलर्ड चादर या कोई सुंदर कपड़ा है, तो उसे सोफे पर थ्रो की तरह इस्तेमाल कर सकते हैं. हल्के रंग के सोफे पर लाल, पीले या सुनहरे कुशन अच्छे लग सकते हैं. वहीं, अगर कमरे में पहले से गहरे रंग हैं, तो हल्के रंग के कुशन डेकोरेशन को बैलेंस बना सकते हैं.
ध्यान रखें कि बहुत सारे रंग और डिजाइन एक साथ इस्तेमाल करने के बजाय दो या तीन कलर्स का कॉम्बिनेश रखें. इससे कमरा बिना ज्यादा खर्च किए साफ-सुथरा और त्योहार के लिए तैयार नजर आएगा.
दिवाली पर पुरानी चीजों से डेकोरेशन करते समय इन बातों का रखें ध्यान
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क