अब सरकारी विभागों की जांच करेंगी निजी एजेंसियां, कर्नाटक सरकार ने क्यों लिया यह फैसला?

कर्नाटक सरकार ने कर्मचारियों की कमी वाले विभागों को तय जांच, लेखा परीक्षण और प्रमाणन के लिए अधिकृत निजी एजेंसियों की मदद लेने का निर्देश दिया है. सरकारी अधिकारी कानूनी अधिकार अपने पास रखेंगे और एजेंसियों की रिपोर्ट की अचानक जांच करेंगे, जबकि लापरवाही मिलने पर उन्हें काली सूची में डाला जा सकेगा.

Advertisement
कर्नाटक सरकार ने निरिक्षण को लेकर बड़ा फैसला लिया है (Photo-PTI) कर्नाटक सरकार ने निरिक्षण को लेकर बड़ा फैसला लिया है (Photo-PTI)

aajtak.in

  • बेंगलुरु,
  • 21 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 1:13 PM IST

कर्नाटक सरकार ने निरीक्षण कर्मचारियों की कमी से जूझ रहे विभागों को अधिकृत निजी एजेंसियों की मदद लेने का निर्देश दिया है. बुधवार को जारी सरकारी विज्ञप्ति के मुताबिक, सबसे पहले उन विभागों में यह व्यवस्था लागू होगी, जहां कर्मचारियों की कमी के चलते नियमित जांच समय पर नहीं हो पा रही है. इस फैसले का मकसद निरीक्षण की प्रक्रिया को तेज करना और लंबित काम को समय पर पूरा करना है. इसके लिए विभागों को निजी एजेंसियों को सूचीबद्ध करने और उनकी पात्रता तय करने की कार्ययोजना तैयार करनी होगी.

Advertisement

नई व्यवस्था के तहत विधिक माप विज्ञान विभाग में बाट और मापने वाले उपकरणों का सालाना निरीक्षण और मुहर लगाने का काम निजी एजेंसियों को दिया जा सकता है. खाद्य सुरक्षा और औषधि प्रशासन के तहत खाद्य कारोबारों, रेस्तरां, मेडिकल स्टोर और दवा दुकानों की जांच में भी उनकी मदद ली जाएगी. इसके अलावा, कारखाना और बॉयलर विभाग में औद्योगिक बॉयलरों की सुरक्षा जांच और सालाना प्रमाणन के काम में भी निजी एजेंसियां भूमिका निभाएंगी.

हालांकि, सरकार ने साफ किया है कि निजी एजेंसियों को निरीक्षण का काम सौंपने का मतलब सरकारी अधिकारियों के अधिकार खत्म करना नहीं है. खाद्य और दवा के नमूने लेना, सामान जब्त करना और मुकदमा चलाना जैसे कानूनी अधिकार केवल सरकारी अधिकारियों के पास रहेंगे.

यह भी पढ़ें: कर्नाटक: मंदिर की दीवार पर क्रॉस और मस्जिद की तस्वीरें बनाने पर बवाल, हंगामा बढ़ने के बाद FIR दर्ज

Advertisement

लापरवाही पर ब्लैकलिस्ट होंगी एजेंसियां

सरकार ने निजी एजेंसियों के काम पर निगरानी रखने का भी फैसला किया है. उनकी रिपोर्ट और जांच के आधार पर अधिकारी ज्यादा जोखिम वाले संस्थानों पर ध्यान दे सकेंगे. साथ ही, विभागीय अधिकारी अचानक मौके पर पहुंचकर जांच करेंगे और एजेंसियों की रिपोर्ट की सटीकता परखेंगे. अगर किसी एजेंसी के काम में लापरवाही, गड़बड़ी या चूक पाई जाती है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. जरूरत पड़ने पर उसे ब्लैकलिस्ट भी किया जा सकता है.

प्रशासनिक सुधारों के तहत लिया गया फैसला

यह आदेश प्रजा सेवा विभाग के प्रमुख सचिव हर्ष गुप्ता ने कर्नाटक प्रशासनिक सुधार आयोग-2 की सिफारिशों के आधार पर जारी किया है. उन्होंने सभी विभागों के प्रमुख सचिवों को नई व्यवस्था लागू करने के लिए समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया है.

इस योजना में एजेंसियों के चयन की प्रक्रिया और पात्रता के नियम शामिल होंगे. मुख्य सचिव की अध्यक्षता वाली कर्नाटक विकास कार्यक्रम की प्रगति समीक्षा बैठक में भी इसकी समीक्षा की जाएगी.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »