विधायकों ने मांगे IPL के टिकट, बोले- हम VIP हैं, लाइन में नहीं लग सकते

विधायकों की इस साझा मांग पर विधानसभा अध्यक्ष यूटी खादर ने भी मुहर लगा दी है. उन्होंने राज्य सरकार को निर्देश दिया है कि चिन्नास्वामी स्टेडियम में होने वाले मैचों के लिए हर विधायक को 4-4 VIP टिकट मिलना सुनिश्चित किया जाए.

Advertisement
'हम VIP हैं, लाइन में नहीं लग सकते'- कर्नाटक के विधायक  (Reuters photo) 'हम VIP हैं, लाइन में नहीं लग सकते'- कर्नाटक के विधायक (Reuters photo)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 27 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 12:01 AM IST

कर्नाटक की विधानसभा में इन दिनों जनता के मुद्दों से ज्यादा चर्चा आईपीएल (IPL) के टिकटों की हो रही है. राज्य के विधायकों का मानना है कि वे खास हैं और आम जनता की तरह कतार में खड़े होकर क्रिकेट मैच का टिकट खरीदना उनकी शान के खिलाफ है. मामला इतना बढ़ गया कि सत्ता पक्ष और विपक्ष, दोनों के विधायकों ने सुर में सुर मिलाते हुए मांग कर दी कि उन्हें चिन्नास्वामी स्टेडियम में होने वाले मैचों के लिए मुफ्त VIP टिकट दिए जाएं.

Advertisement

कांग्रेस विधायक विजयानंद काशप्पनवर ने इस मांग की अगुवाई करते हुए साफ कहा कि विधायकों को ऑनलाइन टिकट खरीदने के लिए कहना उनका अपमान है. उन्होंने तर्क दिया कि कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (KSCA) सरकार से सुरक्षा और अन्य तमाम सुविधाएं तो लेता है, लेकिन जब बात सम्मान की आती है, तो विधायकों को नजरअंदाज कर दिया जाता है.  उनका कहना है कि पिछली बार उन्हें आम जनता के साथ गैलरी में बैठना पड़ा था, जो उन्हें बिल्कुल रास नहीं आया.

कालाबाजारी का डर या VIP कल्चर की जिद?

विधायकों की इस मांग पर विधानसभा अध्यक्ष यूटी खादर ने भी मुहर लगा दी है. उन्होंने सरकार से कहा है कि हर विधायक के लिए कम से कम 4 VIP टिकटों का इंतजाम किया जाए. विधायक काशप्पनवर ने तो यहां तक कह दिया, 'हम VIP हैं और लाइन में नहीं लग सकते. ऑनलाइन टिकटों में भारी कालाबाजारी होती है, 5 हजार का टिकट 35 हजार में बिक रहा है. ऐसे में हमें अलग से सम्मानजनक सीट और कम से कम 5 टिकट मिलने ही चाहिए.'

Advertisement

हैरानी की बात यह है कि इस मुद्दे पर कांग्रेस और बीजेपी के बीच की कड़वाहट भी गायब दिखी. विपक्ष के नेता आर. अशोक ने भी इस मांग का समर्थन किया है. विधायकों का कहना है कि जब सरकार क्रिकेट एसोसिएशन को इतनी जमीन और सुविधाएं देती है, तो बदले में मंत्रियों और विधायकों के लिए खास इंतजाम क्यों नहीं होने चाहिए? अब फैसला डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार के पाले में है, जिन्होंने भरोसा दिलाया है कि वे इस बारे में क्रिकेट एसोसिएशन के अधिकारियों से बात करेंगे. बता दें कि 28 मार्च को बेंगलुरु और हैदराबाद के बीच होने वाले मैच के साथ ही शहर में आईपीएल का खुमार चढ़ने वाला है, लेकिन उससे पहले विधायकों की इस 'टिकट पॉलिटिक्स' ने सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement