कर्नाटक को नया मुख्यमंत्री मिल गया है. डीके शिवकुमार ने बुधवार को राज्य के सीएम पद की शपथ ली थी. इसी के साथ कांग्रेस हाई-कमान ने संगठन में बड़ा बदलाव किया है. इसके तहत बीके हरिप्रसाद को कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी का नया अध्यक्ष नियुक्त कर लिया गया है.
इससे पहले ये जिम्मेदारी डीके शिवकुमार के पास थी. लेकिन अब कर्नाटक का सीएम बनने के बाद उनकी इस पद से विदाई हो गई है. पार्टी ने अपने पत्र में निवर्तमान पीसीसी अध्यक्ष डीके शिवकुमार संगठन में दिए गए योगदान की तारीफ भी की.
प्रदेश अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपने के साथ ही कांग्रेस आलाकमान ने राज्य में होने वाले विधान परिषद के द्विवार्षिक चुनाव के लिए भी अपनी कमर कस ली है. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने विधायकों की ओर से चुने जाने वाले इन विधान परिषद चुनावों के लिए चार उम्मीदवारों के नामों के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है.
पार्टी की ओर से जारी प्रेस रिलीज के मुताबिक, नए प्रदेश अध्यक्ष बीके हरिप्रसाद को संगठन की कमान देने के साथ-साथ एक बार फिर से विधान परिषद चुनाव के लिए मैदान में उतारा गया है. वो दोबारा एमएलसी (MLC) पद के लिए कांग्रेस के उम्मीदवार बनाए गए हैं.
ये हैं कांग्रेस के 4 उम्मीदवार
कांग्रेस की ओर से जिन चार नेताओं को कर्नाटक विधान परिषद चुनाव का टिकट दिया गया है, उनमें बीके हरिप्रसाद, तिप्पन्नाप्पा कमकनूर, पीवी मोहन और शिवन्ना मल्लवल्ली का नाम शामिल है.
प्रशासनिक स्तर पर भी बड़ा फेरबदल
बता दें कि कर्नाटक सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर भी बड़ा फेरबदल किया है. सरकार ने मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) में नए वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों को तैनात किया है. 1993 बैच के आईएएस तुषार गिरी नाथ को मुख्यमंत्री का अतिरिक्त मुख्य सचिव बनाया गया है, जो नगर विकास विभाग का प्रभार भी संभालते रहेंगे.
यह भी पढ़ें: डीके शिवकुमार के CM बनते ही बड़ा फेरबदल, वरिष्ठ IAS अधिकारियों को मिली अहम जिम्मेदारी
वहीं, 2008 बैच के आईएएस राजेंद्र चोलन पी को मुख्यमंत्री का सचिव नियुक्त किया गया है. इसके साथ ही राजेंद्र चोलन को 'कर्नाटक पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड' (KPCL) के प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है.
सगाय राज