जब भी आप ट्रेन से यात्रा करते होंगे तो आपने नोटिस किया होगा कि कई बार प्लेटफॉर्म पर कुछ लोहे के बक्से रखे होते हैं. कुछ स्टेशन तो ऐसे होते हैं, जहां बड़ी संख्या में ये बक्से रखे होते हैं. इन बक्सों पर कुछ जानकारी भी लिखी होती है. ऐसे में जानते हैं कि आखिर रेलवे प्लेटफॉर्म पर रखे इन बक्सों में क्या होता है और ये बक्से किसके होते हैं. कई बार तो इनके आस-पास कोई नहीं रहता है और ये प्लेटफॉर्म पर रखे रहते हैं. क्या है इन बक्सों की कहानी...
सोशल मीडिया पर भी एक पोस्ट वायरल हो रहा है, जिसमें इन बक्सों की बात की जा रही है. tapasyadeva_44 नाम की एक यूजर ने भी इन बक्सों की फोटो शेयर करते हुए पूछा है कि यह बताने का कष्ट करें कि रेलवे स्टेशन पर रखी इन पेटियों में क्या सामान होता है... इस पोस्ट पर कई लोग जवाब दे रहे हैं और अनुमान लगा रहे हैं कि आखिर इनमें क्या होता है. इसके अलावा पोस्ट के कमेंट भी लोग सही जवाब का इंतजार करते नजर आ रहे हैं, तो जानते हैं आखिर इनमें होता क्या है.
किसके होते हैं ये बक्से?
पहले तो आपको बताते हैं कि ये बक्से होते किसके हैं. ये बक्से ट्रेन ड्राईवर यानी लोकोपायलट, गार्ड आदि के होते हैं. इन्हें बॉक्स को लाइन बॉक्स के नाम से जाना जाता है, जिनमें लोकोपायलट और गार्ड के काम में आने वाले सामान रखे होते हैं.
इनमें होता क्या है?
इन बक्सों के बारे में रेलवे में लोको पायलट रहे कुमारप्रीत ने बताया कि इन बॉक्स में लोको पायलट और गार्ड का सामान होता है. इन सामानों में ट्रॉर्च, झंडियां, डिटोनेटर (पटाखे) और जर्नी के दौरान इस्तेमाल में आने वाले टूल रखे होते हैं. ये लोको पायलट का टूल बॉक्स होता है, जिसमें अलग अलग तरह के सामान रखे होते हैं.
इसे ट्रेन पर जाने से पहले अपने साथ रखना होता है और फिर इसे जमा करना होता है. ये एक तरह से ऑफिस बैग की तरह है, जैसे आम कर्मचारी अपने साथ बैग रखते हैं, वैसे ही लोकोपायलट या गार्ड्स अपनी नौकरी से जुड़े सामान इसमें रखते हैं.
aajtak.in