21 जून 2004 को स्पेसशिप-वन पृथ्वी से 100 किलोमीटर या लगभग 62 मील की ऊंचाई तक पहुंचने वाला पहला प्राइवेट अंतरिक्ष यान बन गया. इसे आम तौर पर वह बिंदु माना जाता है जहां से "अंतरिक्ष" शुरू होता है. पायलट माइक मेलविल एकमात्र क्रू सदस्य थे. उन्होंने ने स्पेसशिप -वन (एसएस1) को 100.124 किलोमीटर की ऊंचाई तक पहुंचाया, जो अदृश्य सीमा रेखा से थोड़ा ही आगे थी.
स्पेस के शुरुआती छोर पर पहुंचने के बाद माइक ने पृथ्वी की ओर लंबी ग्लाइड शुरू की. जब उन्होंने कैलिफोर्निया के मोजावे में स्थित मोजावे एयर एंड स्पेस पोर्ट पर लैंडिंग की, तो वे इतिहास के पहले कमर्शिल अंतरिक्ष यात्री बन गए. यह उड़ान 24 मिनट तक चली.
स्पेसशिपवन ने 10 मिलियन डॉलर का अंसारी एक्स पुरस्कार जीता, जो उस पहली निजी कंपनी को दिया जाता है. जिसने दो सप्ताह की अवधि के भीतर दो बार तीन लोगों को ले जाने में सक्षम पुन: प्रयोज्य अंतरिक्ष यान को अंतरिक्ष की सीमा से आगे भेजा हो. विजेता उड़ानें 29 सितंबर और 4 अक्टूबर, 2004 को हुईं.
एसएस1 का निर्माण मोजावे स्थित स्केल्ड कंपोजिट्स कंपनी ने किया था, जिसकी स्थापना प्रसिद्ध विमान डिजाइनर बर्ट रूतान ने की थी. रूतान पहले ही रूतान वॉयजर के डिजाइनर के रूप में प्रसिद्धि प्राप्त कर चुके थे, जो 1986 में बिना उतरे या ईंधन भरे दुनिया का चक्कर लगाने वाला पहला विमान बना था - इस उपलब्धि को हासिल करने में उन्हें नौ दिन लगे थे.
इससे पहले के वॉयजर की तरह, एसएस1 भी हल्के मिश्रित पदार्थों से बना था. इसे जमीन से लॉन्च करने के बजाय, एक बड़े जेट द्वारा ऊपर ले जाया गया और फिर लगभग 47,000 फीट की ऊंचाई पर छोड़ा गया ताकि यह अपनी रॉकेट शक्ति से उड़ान भर सके, ठीक उसी तरह जैसे एक्स-15 हाइपरसोनिक जेट्स ने अमेरिकी अंतरिक्ष कार्यक्रम के शुरुआती दिनों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी.
aajtak.in