अगर आपने कभी फ्लाइट की टिकट बुक की है, तो शायद एक बात ने आपको भी परेशान किया होगा. टिकट का किराया देने के बाद एयरलाइन आपसे सीट चुनने के लिए अलग से पैसे मांगती है. ऐसे में कई लोगों के मन में सवाल उठता है कि क्या सीट के लिए पैसे देना जरूरी है? अगर पैसे नहीं दिए तो क्या फ्लाइट में सीट नहीं मिलेगी?
प्लेन की टिकट बुक करने के बाद सीट के लिए पैसे देना अनिवार्य नहीं है. यदि आप अपनी पसंद (जैसे - खिड़की या आगे की जगह) चुनना चाहते हैं, तभी एक्सट्रा फीस लिया जा सकता है.
जब आप फ्लाइट की टिकट खरीदते हैं, तो उस टिकट में आपकी यात्रा और एक सीट शामिल होती है. यानी एयरलाइन आपको बिना सीट दिए यात्रा नहीं करा सकती. अगर आप अपनी पसंद की सीट नहीं चुनते हैं, तो एयरलाइन चेक-इन के दौरान आपको अपने आप एक सीट अलॉट कर देती है. इसके लिए आमतौर पर कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाता.
फिर एयरलाइंस पैसे क्यों लेती हैं?
दरअसल, एयरलाइंस कुछ खास सीटों को 'पसंदीदा सीट' या 'प्रेफरेंशियल सीट' के तौर पर बेचती हैं. इनमें विंडो सीट, आगे की कतार वाली सीट या ज्यादा लेगरूम वाली सीटें और इमरजेंसी एग्जिट के बगल वाली सीटें शामिल हो सकती हैं. अगर आप अपनी पसंद की कोई खास सीट पहले से रिजर्व करना चाहते हैं, तो उसके लिए एक्स्ट्रा पैसा देना पड़ सकता है.
अगर आप सीट नहीं चुनते हैं, तो एयरलाइन आपको उपलब्ध सीटों में से कोई भी सीट दे सकती है. कई बार यात्रियों को विंडो सीट भी बिना अतिरिक्त पैसे दिए मिल जाती है, जबकि कभी-कभी बीच वाली सीट भी मिल सकती हैय
सीट के लिए एक्स्ट्रा फीस को लेकर क्या हैं नियम
हाल के वर्षों में सीट सिलेक्शन फीस को लेकर काफी शिकायतें सामने आई थीं. इसके बाद भारत के नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने एयरलाइंस को सीट आवंटन प्रक्रिया में अधिक पारदर्शिता रखने और यात्रियों की सुविधा का ध्यान रखने के निर्देश दिए हैं. DGCA के नियमों के अनुसार, एयरलाइंस को कुल सीटों का कम से कम 60% हिस्सा बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के मुफ्त देना होता है. साथ ही पूरे परिवार या एक ही PNR पर यात्रा करने वाले यात्रियों को साथ बैठाने पर भी जोर दिया गया है.
यह भी पढ़ें: कभी भारत में घूमता था धरती का सबसे विशाल सांप, जानें क्या है इसका नाम
इसलिए अगली बार फ्लाइट टिकट बुक करते समय घबराने की जरूरत नहीं है. अगर आपको किसी खास सीट की जरूरत नहीं है, तो सीट चुनने के लिए अतिरिक्त पैसे देना बिल्कुल जरूरी नहीं है. एयरलाइन आपको यात्रा के लिए सीट जरूर उपलब्ध कराएगी.
aajtak.in