अगर आप नर्सिंग की पढ़ाई कर रहे हैं या विदेश में नौकरी करने का सपना देखते हैं, तो आपके मन में यह सवाल जरूर आया होगा कि अमेरिका में नर्स कितना कमाती है? अच्छी बात यह है कि अमेरिका में नर्सों की काफी मांग है और उन्हें अच्छी सैलरी के साथ कई सुविधाएं भी मिलती हैं. यही वजह है कि दुनिया के कई देशों के लोग वहां नर्स बनने की कोशिश करते हैं.
अमेरिका में एक रजिस्टर्ड नर्स की औसत सालाना सैलरी करीब 90,000 से 1,00,000 डॉलर तक हो सकती है. भारतीय रुपये में देखें तो यह लगभग 75 लाख से 85 लाख रुपये सालाना के आसपास बैठती है. हालांकि यह रकम हर जगह एक जैसी नहीं होती. सैलरी इस बात पर निर्भर करती है कि आप किस राज्य, किस अस्पताल और किस विभाग में काम कर रहे हैं.
किन नर्सों को मिलती है ज्यादा सैलरी?
अगर कोई नर्स कैलिफोर्निया में काम करती है, जहां स्वास्थ्य सेवाओं में ज्यादा वेतन दिया जाता है, तो उसकी कमाई और बढ़ सकती है. इसके अलावा आईसीयू, इमरजेंसी, ऑपरेशन थिएटर जैसे विभागों में काम करने वाली नर्सों को भी सामान्य नर्सों की तुलना में ज्यादा सैलरी मिलती है. कई मामलों में उनकी सालाना आय 1 लाख डॉलर से भी अधिक हो सकती है. अमेरिका में स्वास्थ्य सेवाओं का दायरा बहुत बड़ा है. वहां अस्पतालों, क्लीनिकों और केयर सेंटरों में लगातार प्रशिक्षित नर्सों की जरूरत रहती है. बढ़ती आबादी और बुजुर्ग लोगों की संख्या बढ़ने के कारण भी नर्सों की मांग लगातार बनी हुई है. इसी वजह से योग्य नर्सों के लिए नौकरी मिलने की संभावना काफी अच्छी रहती है.
सैलरी के अलावा भी मिलते हैं कई फायदे
अमेरिका के कई अस्पताल नर्सों को सिर्फ अच्छी सैलरी ही नहीं देते, बल्कि कई अतिरिक्त सुविधाएं भी देते हैं. इनमें ओवरटाइम का अतिरिक्त पैसा, हायरिंग बोनस, हेल्थ इंश्योरेंस, पेड लीव और रिटायरमेंट जैसी सुविधाएं शामिल हो सकती हैं. अस्पताल और नौकरी के अनुसार ये सुविधाएं अलग-अलग हो सकती हैं.
हफ्ते में सिर्फ 3 दिन काम?
अमेरिका के कई अस्पतालों में नर्सों की 12 घंटे की शिफ्ट होती है. इसका फायदा यह होता है कि कई नर्सें हफ्ते में केवल तीन दिन काम करके भी फुल-टाइम कर्मचारी मानी जाती हैं. हालांकि हर अस्पताल का नियम अलग हो सकता है. कहीं पांच दिन की छोटी शिफ्ट भी हो सकती है. अमेरिका में नर्सों को सिर्फ अच्छी सैलरी ही नहीं मिलती, बल्कि उन्हें समाज में काफी सम्मान भी दिया जाता है. मरीजों की देखभाल, इलाज के दौरान उनकी मदद और डॉक्टरों के साथ मिलकर काम करने में नर्सों की अहम भूमिका होती है. यही कारण है कि वहां नर्सिंग को एक जिम्मेदार और सम्मानजनक पेशा माना जाता है.
क्या भारत से अमेरिका में नर्स बन सकते हैं?
अगर आप भारत या किसी दूसरे देश से हैं और अमेरिका में नर्स बनना चाहते हैं, तो यह संभव है. लेकिन इसके लिए कुछ जरूरी शर्तें पूरी करनी होती हैं. आमतौर पर मान्यता प्राप्त नर्सिंग की डिग्री, अंग्रेजी भाषा की परीक्षा और NCLEX जैसी लाइसेंस परीक्षा पास करनी पड़ती है. इसके बाद वीजा और नौकरी की प्रक्रिया पूरी करनी होती है.
aajtak.in