दिल्ली से नैनीताल घूमने जा रही एक युवती के साथ रास्ते में शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है. रात के समय काठगोदाम से टैक्सी में नैनीताल जा रही करीब 31 वर्षीय युवती के साथ रास्ते में टैक्सी चालक ने दुष्कर्म का प्रयास किया. घटना नैनीताल से लगभग दस किलोमीटर पहले बल्दियाखान के पास हुई. युवती ने विरोध किया तो आरोपी चालक ने उससे मारपीट की और उसका सामान तथा मोबाइल लेकर मौके से फरार हो गया.
घटना के बाद डरी सहमी युवती किसी तरह आरोपी के चंगुल से छूटकर जंगल की ओर भाग गई और अपनी जान बचाई. भयभीत युवती पूरी रात सड़क के नीचे बने एक कलमठ में छुपकर बैठी रही. सुबह होने पर वह आड़ूखान से बल्दियाखान तक पैदल पहुंची. इस दौरान स्थानीय ग्राम प्रधान बेलुवाखान डॉ. बबिता मनराल को घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई.
यह भी पढ़ें: नैनीताल में आग का तांडव! ब्रिटिश काल की ऐतिहासिक कोठी जलकर राख, दहल गया पूरा इलाका
पुलिस ने युवती को संरक्षण में लेकर कराया मेडिकल
सूचना मिलते ही तल्लीताल पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को अपने संरक्षण में लिया. इसके बाद उससे पूरी घटना की जानकारी जुटाई गई. दोपहर में युवती को बी.डी. पांडे अस्पताल ले जाकर उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया. साथ ही युवती के परिजनों को दिल्ली में सूचना दे दी गई है.
पुलिस ने युवती की शिकायत के आधार पर टैक्सी चालक के खिलाफ दुष्कर्म के प्रयास समेत कई अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है. युवती ने बताया कि वह काठगोदाम से सफेद रंग की मारुति वैगनआर टैक्सी में बैठकर नैनीताल जा रही थी, लेकिन रास्ते में बल्दियाखान के पास चालक ने उसके साथ छेड़छाड़ करते हुए दुष्कर्म का प्रयास किया.
घटना के बाद आरोपी फरार, युवती ने जंगल में छुपकर बचाई जान
युवती ने जब विरोध किया तो आरोपी चालक ने उसके साथ मारपीट की और उसका सामान लेकर फरार हो गया. युवती किसी तरह उसके चंगुल से निकलकर जंगल की ओर भागी और वहीं छुपकर अपनी जान बचाई. जिस स्थान पर युवती ने रात बिताई, वहां जंगली जानवरों और गुलदार की आवाजाही लंबे समय से बताई जाती है.
घटना की गंभीरता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि आरोपी टैक्सी चालक युवती की चप्पल तक लेकर चला गया था, जिससे युवती को नंगे पैर ही जंगल और सड़क के आसपास रात गुजारनी पड़ी. पूरी रात वह सड़क के नीचे बने कलमठ में छुपकर बैठी रही और सुबह होने पर बाहर निकली.
10 घंटे में आरोपी टैक्सी चालक गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए. थानाध्यक्ष तल्लीताल मनोज सिंह नयाल के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई.
पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों, वाहन संख्या UK04TB 5500 वैगनआर और वाहन में लगे जीपीएस सिस्टम की मदद से जांच की. जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपी 39 वर्षीय टैक्सी चालक दीपक सिंह बोरा को पाइन्स-भवाली रोड से गिरफ्तार कर लिया. आरोपी हल्द्वानी के फतेहपुर क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है.
मोबाइल बरामद, वाहन पुलिस ने किया कब्जे में
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर पीड़िता का लूटा हुआ मोबाइल फोन (Vivo Y100) भी बरामद कर लिया है. घटना में इस्तेमाल की गई टैक्सी को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है.
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने कहा कि महिलाओं और पर्यटकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है. ऐसे अपराध करने वालों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है.
लीला सिंह बिष्ट