उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने एक युवक को पाकिस्तान स्थित आतंकी के इशारे पर काम करने के आरोप में गिरफ्तार किया है. पकड़े गए आरोपी की पहचान 29 साल के विक्रांत कश्यप के रूप में हुई है, जिसे प्रेमनगर इलाके से गिरफ्तार किया गया.
पाकिस्तान भेजी थी रक्षा प्रतिष्ठानों की फोटो
एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह के मुताबिक, विक्रांत कश्यप पर आरोप है कि वह देहरादून में मौजूद सरकारी और रक्षा प्रतिष्ठानों की लोकेशन और तस्वीरें पाकिस्तान में बैठे अपने हैंडलर्स को भेज रहा था. शुरुआती जांच में सामने आया है कि वह इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस (आईएसआई) से जुड़े एजेंट और पाकिस्तानी आतंकी शहजाद भट्टी के संपर्क में था.
.32 बोर की पिस्टल, सात जिंदा कारतूस बरामद
पुलिस को खुफिया सूचना मिलने के बाद एसटीएफ और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया. तलाशी के दौरान उसके पास से एक .32 बोर की पिस्टल, सात जिंदा कारतूस और स्प्रे पेंट का एक कैन बरामद किया गया है. अधिकारियों का कहना है कि आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप के जरिए अपने हैंडलर्स के संपर्क में था.
सिद्धू मूसेवाला की हत्या का बदला?
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह दिवंगत पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला का प्रशंसक था और उनकी हत्या का बदला लेने की मंशा से उसने संपर्क साधा था. साल 2022 में पंजाब के मानसा जिले में मूसेवाला की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी.
पाक को भेजे देहरादून के पुलिस हेडक्वार के वीडियो
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने देहरादून के पुलिस मुख्यालय, आईएसबीटी और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों की तस्वीरें और वीडियो पाकिस्तान भेजे थे. इतना ही नहीं, उसे इन स्थानों पर बम लगाने और 'तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान (टीटीएच)' के नाम से दीवारों पर नारे लिखने के निर्देश भी दिए गए थे.
मोबाइल फोन से मिली अहम जानकारियां
एसएसपी के अनुसार, आरोपी साल 2024-25 के दौरान पंजाब के नाभा में रह चुका है. उसके हैंडलर्स ने उसे नेपाल के रास्ते दुबई भेजने का भी झांसा दिया था. आरोपी के मोबाइल फोन से कई संवेदनशील जानकारियां बरामद हुई हैं, जिनकी जांच की जा रही है.
फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही हैं और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं.
aajtak.in