ऋषिकेश, जिसे दुनिया भर में योग, अध्यात्म और गंगा तट की शांति के लिए जाना जाता है, इन दिनों लगातार वायरल हो रहे कुछ वीडियो के चलते विवादों में है. सोशल मीडिया पर सामने आए अलग-अलग मामलों ने इस पवित्र नगरी की छवि पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
पहला मामला:
गंगा किनारे एक महिला खुलेआम शराब पीते हुए दिखाई दी. पुलिस ने जब उसे रोका, तो वह भड़क गई और बहस करने लगी. महिला ने कैमरा ऑन कर पुलिसकर्मियों की वीडियो बनानी शुरू कर दी और कहा- “तुम्हारे पैसे से थोड़ी पी रही थी?” यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिस पर लोग कड़ी प्रतिक्रिया दे रहे हैं.
दूसरा मामला:
श्यामपुर फाटक क्षेत्र में दो गुटों के बीच खूनी झड़प का मामला सामने आया है. स्थानीय लोगों के अनुसार, मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई.
तीसरा मामला:
एक अन्य वीडियो में गंगा तट पर कुछ पर्यटक अभद्र व्यवहार करते दिखे. शर्टलेस युवक पुलिस से उलझते नजर आए, वहीं एक महिला पानी में बैठकर अशोभनीय हरकतें करती दिखाई दी. इससे पहले भी एक महिला द्वारा पुलिस से बदसलूकी का मामला सामने आया था, जिसमें उसने कहा था- “हमारी वजह से तुम्हारी रोजी-रोटी चलती है.”
चौथा मामला:
तपोवन क्षेत्र में एक युवक के साथ अमानवीय व्यवहार का वीडियो सामने आया है. एक कपल द्वारा युवक को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा गया, उसके बाल नोचे गए, कपड़े फाड़े गए और लात-घूंसे मारे गए. यह घटना कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है.
इन घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों और धार्मिक संगठनों में आक्रोश है. लोगों का कहना है कि देवभूमि उत्तराखंड की गरिमा बनाए रखने के लिए सख्त नियम और कड़ी कार्रवाई जरूरी है. सार्वजनिक स्थानों पर शराबबंदी, असभ्य व्यवहार पर भारी जुर्माना और सख्त कानून लागू करने की मांग उठ रही है.
ऋषिकेश की पहचान सिर्फ एक पर्यटन स्थल नहीं, बल्कि आध्यात्मिक आस्था का केंद्र है. ऐसे में लगातार सामने आ रही घटनाएं प्रशासन के लिए चुनौती बनती जा रही हैं.
कांग्रेस ने की पुलिस एक्शन की मांग
ऋषिकेश में एक के बाद एक मारपीट और शराब पीने के वीडियो वायरल हो रहे हैं इस पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता जयेंद्र रमोला ने कड़ा एतराज जताया है. आजतक से उन्होंने कहा, "ऋषिकेश में कानून व्यबस्था है या नहीं. यह ऋषिमुनियों की भूमि है, अध्यात्म और योग की नगरी है और इस तरह से मारपीट, शराब पीने के वीडियो सामने आ रहे हैं बहुत चिंता करने वाली बात है."
अंकित शर्मा