देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में नाबालिग के साथ कथित गैंगरेप का मामला सामने आया है. पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. जबकि घटना में शामिल दो अन्य किशोरों को पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है. मामले में भारतीय न्याय संहिता और पॉक्सो अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.
पुलिस के अनुसार आजाद कॉलोनी निवासी महिला ने 13 मार्च को कोतवाली पटेलनगर में तहरीर दी थी. शिकायत में आरोप लगाया गया कि रैफी उर्फ सोनू (19) और उसके दो साथियों ने उसकी नाबालिग बेटी को कथित रूप से बहला-फुसलाकर बुलाया और उसे नशीला पदार्थ पिलाया. घटना 12 मार्च की शाम की बताई जा रही है.
यह भी पढ़ें: हल्द्वानी में शराब पिलाकर 10वीं की छात्रा से गैंगरेप, कार में बेहोशी की हालत में मिली
पीड़िता घर से कपड़े देने के लिए निकली थी. इसी दौरान एक परिचित युवक ने उसे फोन कर हरिद्वार बाईपास के पास एक स्कूल के पास बुलाया. आरोप है कि वहां पहले से मौजूद दो अन्य युवकों के साथ मिलकर उसे पास के जंगल की ओर ले जाया गया.
शिकायत में कहा गया है कि वहां पीड़िता को कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया गया. परिजनों के अनुसार अगले दिन सुबह उसे बेहोशी की हालत में ई-रिक्शा से घर के बाहर छोड़ दिया गया. होश आने पर उसने परिवार को पूरी घटना की जानकारी दी. जिसके बाद उसकी मां ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई.
तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा संख्या 183/2026 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2), 70(2) और 123 के साथ ही पोक्सो अधिनियम की धारा 5(छ) और 6 के तहत मामला दर्ज किया है. घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी रैफी उर्फ सोनू को पटेलनगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया. वहीं घटना में शामिल दो अन्य विधि-विवादित किशोरों को पुलिस संरक्षण में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है.
घटना की जानकारी सामने आने के बाद कुछ संगठनों के कार्यकर्ता भी कोतवाली पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की. पुलिस ने निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है. पुलिस के अनुसार, मामले की विस्तृत जांच जारी है.
अंकित शर्मा