'मेरा शरीर खराब हुआ तो रिलेशन भी..', इसलिए 2 लाख देकर करवाया था पत्नी का मर्डर

हैदराबाद में मीना देवी की हत्या के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है. पुलिस के अनुसार, पति अनिल कुमार साह ने बिहार के तीन लोगों को दो लाख रुपये देकर पत्नी की हत्या की साजिश रची थी. पहले उसने सड़क किनारे हमला और अपहरण की कहानी बताकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की.

Advertisement
पत्नी का मर्डर कराकर सुनाई कहानी (Photo: itg) पत्नी का मर्डर कराकर सुनाई कहानी (Photo: itg)

अब्दुल बशीर

  • हैदराबाद,
  • 11 जून 2026,
  • अपडेटेड 1:06 PM IST

हैदराबाद के गांडीगुडेम गांव के पास 30 मई की रात 36 साल की मीना देवी की गला काटकर हत्या कर दी गई थी. शुरुआत में उनके पति अनिल कुमार साह ने पुलिस को बताया था कि वह पत्नी के साथ बाइक से घर लौट रहे थे. तभी झाड़ियों से निकले तीन लोगों ने उनकी पत्नी को उठा लिया. उन्होंने कहा था कि जब उन्होंने पत्नी को बचाने की कोशिश की तो आरोपियों ने उन पर भी हमला किया और बाइक लेकर भाग गए.

Advertisement

जांच के दौरान पुलिस को अनिल कुमार की बातों पर शक हुआ. पुलिस को घटनास्थल से मिले सबूत उनकी कहानी से मेल नहीं खा रहे थे. इसके बाद आरसी पुरम पुलिस और साइबराबाद की टीमों ने मामले की जांच शुरू की. इस केस को सुलझाने के लिए आठ विशेष टीमें बनाई गईं.

'मेरा शरीर खराब था, वो मायके में पैसे भेजती थी'

पुलिस के अनुसार, अनिल कुमार साह पिछले करीब तीन साल से अपनी पत्नी से नाराज था. जांच में सामने आया कि वह इस बात से परेशान था कि उसकी पत्नी अपने माता-पिता को पैसे भेजती थी. पुलिस का यह भी कहना है कि एक हादसे के बाद उसकी शारीरिक हालत खराब हो गई थी, जिसके बाद पति-पत्नी के रिश्ते और भी खराब हो गए थे.

दो लाख रुपये की सुपारी 

Advertisement

पुलिस के मुताबिक, अनिल ने बिहार के रिंकू कुमार से संपर्क किया और पत्नी की हत्या के लिए उसे दो लाख रुपये देने की बात कही. रिंकू ने इस काम के लिए रंजन और नीरज को अपने साथ शामिल कर लिया. तीनों 29 मई को बिहार से हैदराबाद पहुंचे और अनिल से मिले. इसके बाद हत्या की पूरी योजना बनाई गई. पुलिस के अनुसार, 30 मई की रात मीना देवी की हत्या कर दी गई. हत्या के बाद आरोपी बाइक लेकर गए और उसे शहर के बाहरी इलाके में छोड़ दिया. इसके बाद वे एक निजी बस से बिहार चले गए ताकि पुलिस को कोई सुराग न मिले.

खुद को भी घायल दिखाया

जांच में पुलिस ने पाया कि अनिल ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की. पुलिस का कहना है कि उसने अपने शरीर पर हल्की चोटें लगवाईं ताकि ऐसा लगे कि उसने पत्नी को बचाने की कोशिश की थी. इसी वजह से उसने पूरी झूठी कहानी तैयार की थी.

दो आरोपी गिरफ्तार, दो की तलाश जारी

पुलिस ने बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया क्षेत्र के एक गांव से रंजन को गिरफ्तार कर लिया है और उसे ट्रांजिट वारंट पर हैदराबाद लाया गया है. अनिल कुमार साह को भी गिरफ्तार कर लिया गया है. वहीं रिंकू कुमार और नीरज की तलाश जारी है. पुलिस के अनुसार, रिंकू के खिलाफ बिहार, पंजाब और हरियाणा में गांजा, शराब तस्करी, अपहरण और अन्य मामलों के रिकॉर्ड हैं. नीरज पर भी बिहार में कई मामले दर्ज बताए गए हैं. पुलिस ने कहा है कि मामले की आगे जांच जारी है और गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश किया जा रहा है.

Advertisement

  

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »